अमरीका से खरीद बंद होने के बावजूद चीन में सोयाबीन का विशाल आयात

23-Oct-2025 03:21 PM

शंघाई। सितम्बर 2025 के दौरान चीन में अमरीका से सोयाबीन का आयात फिलहाल नहीं हुआ जिससे अमरीकी राष्ट्रपति की झुंझलाहट इतनी बढ़ गई कि उन्होंने 1 नवम्बर 2025 से चाइनीज सामानों के आयात पर 155 प्रतिशत का भारी-भरकम टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। उधर चीन में ब्राजील एवं अर्जेन्टीना सहित कुछ अन्य देशों से सितम्बर में भारी मात्रा में सोयाबीन का आयात किया गया।

अमरीका और चीन के बीच व्यापार युद्ध अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है। चीन अमरीकी सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार है और वहां इसका आयात बंद होने से अमरीकी किसानों की कठिनाई काफी बढ़ गई है। 

चाइनीज कस्टम विभाग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि सितम्बर में चीन ने 128 लाख टन सोयाबीन का विशाल आयात किया जो भारत के औसत वार्षिक उत्पादन से भी ज्यादा है।

इसके तहत खासकर अर्जेन्टीना से सोयाबीन के आयात में काफी बढ़ोत्तरी हुई जबकि ब्राजील परम्परागत रूप से उसका सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश बना रहा।

चीन को सोयाबीन का निर्यात करने में अमरीका दूसरे नंबर पर रहता है लेकिन अमरीका में नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने के बावजूद चीन ने सितम्बर में वहां से इसका आयात बिल्कुल बंद कर दिया इससे अमरीकी सोयाबीन उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता भी बंद हो गई है। चीन पहले अमरीका से ही सोयाबीन का सर्वाधिक आयात करता था मगर बाद  में उसका झुकाव ब्राजील की तरफ हो गया। इससे चीन में अमरीका की भागीदारी प्रभावित होने लगी। 

कस्टम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सितम्बर 2025 के दौरान चीन में जो 128 लाख टन सोयाबीन का आयात हुआ वह अगस्त 2025 से 5 प्रतिशत तथा सितम्बर 2024 के आयात से 13 प्रतिशत अधिक रहा।

इससे साफ संकेत मिलता है कि अमरीकी सोयाबीन के आयात पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त होने के बावजूद चीन में सोयाबीन के कुल आयात पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा।

सितम्बर में चीन में सोयाबीन के कुल आयात में ब्राजील के उत्पाद की भागीदारी 30 प्रतिशत बिंदु उछलकर 85.5 प्रतिशत पर पहुंच गई।