अर्जेन्टीना में लम्बी प्रतीक्षा के बाद सोयाबीन फसल की कटाई शुरू

07-Apr-2025 04:06 PM

ब्यूनस आयर्स। आमतौर पर लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में मध्य मार्च में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो जाती है मगर इस बार बिजाई में लेट होने तथा मौसम की हालत अनुकूल नहीं रहने से फसल की कटाई में देर हो गई।

गत सप्ताह देश के कुछ भागों में अच्छी वर्षा हुई और खासकर पश्चिमी ब्यूनस आयर्स ला पाम्पा तथा कोरडोबा जैसे प्रांतों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों में मौसम ठंडा मगर शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है। 

अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो गई है और राष्ट्रीय स्तर पर 37 प्रतिशत फसल के परिपक्व होने की सूचना मिल रही है।

अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई अभी आरंभ हुई है जबकि डबल क्रॉप सोयाबीन की 80 प्रतिशत फसल में फूल और दाना लगने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस फसल की कटाई अगले महीने शुरू हो सकती है।

ब्राजील तथा अमरीका के बाद अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोया मील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।

फसल की कटाई में देर होने तथा उत्पादन में अनिश्चितता का माहौल रहने के कारण अर्जेन्टीना के किसान अपने सोयाबीन की अग्रिम बिक्री का अनुबंध करने से हिचक रहे हैं।

अभी तक केवल 17-18 प्रतिशत संभावित उत्पादन का ही अनुबंध हो सका है जो पिछले एक दशक का सबसे निचला स्तर है। पिछले साल से भी यह करीब 25 प्रतिशत कम है।

किसान सिर्फ अपने खर्चों के भुगतान के लायक सोयाबीन की बिक्री का अग्रिम अनुबंध कर रहे हैं। इन्हें मुद्रा की विनिमय दर में होने वाले परिवर्तन का इंतजार है।

अर्जेन्टीना में राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की 25 प्रतिशत फसल को कमजोर या खराब, 43 प्रतिशत को सामान्य या संतोषजनक तथा शेष 32 प्रतिशत फसल को बेहतर या उत्साहवर्धक स्थिति में आंका गया है।

अनेक इलाकों में खेतों की मिटटी में नमी का अंश काफी घट गया है जिससे पिछैती बिजाई वाली फसल की उपज दर प्रभावित होने की आशंका है। कम से कम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल में सूखे का गंभीर संकट बना हुआ है जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।