बिहार से देश के विभिन्न भागों में भारी मात्रा में पहुंच रहा है मक्का

15-May-2025 03:20 PM

कटिहार। भारत के पूर्वी पड़ोसी- बांग्ला देश में मांग कमजोर पड़ने के बावजूद बिहार के मक्का उत्पादकों तथा कारोबारियों को कोई चिंता नहीं है क्योंकि देश के अंदर ही उन्हें विशाल बाजार हासिल हो रहा है।

पॉल्ट्री फीड, पशु आहार तथा स्टार्च निर्माण के लिए मक्का की खरीद पहले से ही हो रही थी जबकि अब एथनॉल निर्माताओं द्वारा भी इसकी भारी खरीद की जा रही है। अनेक बड़ी-बड़ी कंपनियां मक्का खरीदने में काफी दिलचस्पी दिखा रही हैं जिससे इस महत्वपूर्ण मोटे अनाज के दाम में आगे अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। 

बिहार से मक्का उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, दिल्ली एवं मुम्बई तक जा रहा है। कई रैक प्वाइंट से इसे भेजने की प्रक्रिया जारी है। बिहार रबी कालीन मक्का का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है और इसका वहां उत्पादन भी बेहतर हुआ है। नई फसल की कटाई-तैयारी तथा मंडियों में आवक पहले ही आरंभ हो चुकी है। 

कटिहार स्टेशन से अब बांग्ला देश में मक्का भेजने में निर्यातक ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। वहां से वर्ष 2022 में 30 रैक मक्का बांग्ला देश भेजा गया था जबकि 2023 में मात्र 10 रैक ही भेजा गया। वर्ष 2024 में बांग्ला देश के लिए मक्का की लोडिंग नहीं हुई और न 2025 में हो रही है। इससे व्यापारियों को कोई दिक्कत भी नहीं हो रही है।

कटिहार (बिहार) के सेमापुर प्वाइंट से पिछले साल देश के विभिन्न राज्यों को 24-25 रैकों में 10 मई तक मक्का की खेप भेजी गई थी और चालू वर्ष में भी एक दर्जन से ज्यादा रैकों में इसकी डिलीवरी हो चुकी है उत्तर प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा मक्का भेजा जा रहा है।

समझा जाता है कि स्टार्च के साथ-साथ एथनॉल निर्माण में संलग्न कंपनियां मक्का की खरीद में काफी सक्रियता दिखा रही हैं जबकि दक्षिण भारत का पॉल्ट्री उद्योग भारी मात्रा में इसकी खरीद कर रहा है। 

बिहार की प्रमुख मंडियों में मक्का का दाम फिलहाल 2225 रुपए प्रति क्विंटल के नियत न्यूनतम समर्थन मूल्य से कुछ नीचे है। इसका थोक मंडी भाव सेमापुर में 2160 रुपए प्रति क्विंटल,

गुलाब बाग, अररिया, जयनगर, रानीपटरा, सरसी, कटरिया, मानसी तथा खगड़िया में 2180 रुपए प्रति क्विंटल तथा कुरसेला में 2160 रुपए प्रति क्विंटल बताया जा रहा है। गत वर्ष इन मंडियों में मक्का का दाम 2250 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया था।