भारत को खाद्य तेलों की आपूर्ति में मलेशिया पहले नम्बर पर पहुंचा
15-Dec-2025 07:25 PM
मुम्बई। नवम्बर 2025 के दौरान भारत को खाद्य तेलों का निर्यात करने में मलेशिया पहले नम्बर पर पहुंचा जबकि अर्जेन्टीना दूसरे, इंडोनेशिया तीसरे तथा थाईलैंड चौथे स्थान पर रहा। इसके अलावा भारत में ब्राजील, रूस, चीन, यूक्रेन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित कुछ अन्य देशों से भी अच्छी मात्रा में खाद्य तेल मंगाया गया।
नवम्बर माह में देश के अंदर कुल 11,50,955 टन खाद्य तेलों का आयात हुआ जिसमें 3500 टन आरबीडी पामोलीन, 626991 टन क्रूड पाम तेल, 1850 टन क्रूड पाम कर्नेल तेल, 3,70,661 टन क्रूड सोयाबीन तेल, 1,42,953 टन क्रूड सूरजमुखी तेल तथा 5000 टन क्रूड रेपसीड / कैनोला तेल का आयात शामिल था।
समीक्षाधीन माह के दौरान भारत में मलेशिया से 3,03,123 टन, अर्जेन्टीना से 2,70,613 टन, इंडोनेशिया से 1,26,956 टन, थाईलैंड से 1,05,286 टन तथा चीन से 74,919 टन खाद्य तेल मंगाया गया।
इसके अलावा रूस से 74,020 टन, ब्राजील से 50,062 टन, यूक्रेन से 20 हजार टन, यूएई से 5 हजार टन तथा अन्य देशों से 1,20,976 टन खाद्य तेलों का आयात किया गया।
चीन ने रूस और ब्राजील को पीछे छोड़ दिया। वहां से 69,919 टन क्रूड सोयाबीन एवं 5000 टन क्रूड पाम तेल मंगाया गया।
भारत में पाम तेल का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया एवं ब्राजील से सोयाबीन तेल का अर्जेन्टीना, ब्राजील एवं चीन से तथा सूरजमुखी तेल का रूस, अर्जेन्टीना एवं यूक्रेन से किया जाता है जबकि अन्य देशों से भी थोड़ी-बहुत मात्रा में खाद्य तेल मंगाया जाता है।
