भारत और अर्जेन्टीना के बीच कृषि अनुसंधान का समझौता

18-Dec-2025 06:59 PM

नई दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसन्धान परिषद (आईसीएआर) और अर्जेन्टीना के राष्ट्रीय कृषि प्रौद्योगकी संस्थान (इंटा) ने कृषि अनुसंधान क्षमता निर्माण और तकनीक आदान-प्रदान में वित्तीय सहयोग को मजबूत बनाने हेतु वर्ष 2025-2027 के लिए एक कार्य योजना पर हस्ताक्षर कर दिया है।

भारत की ओर से कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव तथा आईसीएआर के महानिदेशक और अर्जेन्टीना की तरफ से भारत में उसके राजदूत ने इस हस्ताक्षरित इस इंटा- आईसीएआर कार्य योजना के दस्तावेज का आदान-प्रदान किया। द्विपक्षीय कृषि सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में इसे एक उल्लेखनीय कदम माना जा रहा है। 

इस कार्य योजना (वर्क प्लान) से प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी और स्थायी कृषि अर्थ व्यवस्था को गति मिलेगी।

इसके अलावा दोनों देश जीरों टिकेज, मैकेनाइजेशन, सूक्ष्म सिंचाई तथा फर्टिगेशन, फसल एवं पशु जैव टेक्नोलॉजी, पशुधन सुधार एवं टेम्परेट तथा ट्रॉपिकल फसलों की उत्पादन तकनीक आदि से सम्बन्धित सूचनाओं एवं आंकड़ों का आदान-प्रदान करने पर सहमत हो गए हैं।

इतना ही नहीं बल्कि इस कार्य योजना में डिजीटल कृषि, जैव सुरक्षा तथा फायटोसैनिटरी उपायों को भी शामिल किया गया है।

मूल्य शृंखला विकास पर भी ध्यान देने का निश्चय किया गया है। यह कार्य योजना मुख्यतः वर्ष 2026 एवं 2027 के लिए निर्मित हुआ है क्योंकि वर्ष 2025 अब जल्दी ही समाप्त होने वाला है। 

इस कार्य योजना का क्रियान्वयन संयुक्त अनुसंधान, जर्म प्लाज्म आदान-प्रदान और विशेषज्ञों की संलिप्तता के माध्यम से किया जाएगा।

इससे भारत में फसलों की औसत उपज दर एवं गुणवत्ता सुधारने में सहायता मिलेगी और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। दोनों पक्ष इससे काफी लाभान्वित होंगे।