भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेलों के औसत आयात मूल्य में रही नरमी
15-Dec-2025 08:50 PM
नई दिल्ली। वैश्विक बाजार भाव में नरमी आने से भारतीय बंदरगाहों पर अक्टूबर की तुलना में नवम्बर 2025 के दौरान खासकर पाम संवर्ग के क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों के औसत आयात मूल्य में गिरावट आ गई। सोया तेल एवं सूरजमुखी का आयात मूल्य भी कुछ नीचे रहा।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर में बंदरगाहों पर औसत इकाई आयात मूल्य आरबीडी पामोलीन का 1106 डॉलर प्रति टन से घटकर 1049 डॉलर प्रति टन तथा क्रूड पाम तेल 1148 डॉलर प्रति टन से गिरकर 1096 डॉलर प्रति टन रह गया।
इसी तरह क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का औसत आयात मूल्य 1181 डॉलर से गिरकर 1175 डॉलर प्रति टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात मूल्य 1323 डॉलर से फिसलकर 1322 डॉलर प्रति टन पर अटक गया।
आयात लुढ़ककर 3500 टन रह गया जो अक्टूबर में 5000 टन और नवम्बर 2024 में 2.85 लाख टन से भी अधिक रहा था।
क्रूड एवं रिफाइंड खाद्य तेलों के बीच आयात शुल्क का अंतर बढ़ने से भारत में आरबीडी पामोलीन का आयात तेजी से घटता जा रहा है। नवम्बर 2025 में केवल इंडोनेशिया से इसकी थोड़ी मात्रा मंगाई गई जबकि मलेशिया एवं थाईलैंड से पामोलीन नहीं मंगाया गया।
इसी तरह अक्टूबर की तुलना में नवम्बर 2025 के दौरान क्रूड डिगम सोयाबीन तेल एवं क्रूड सूरजमुखी तेल के आयात में भी गिरावट दर्ज की गई। सिर्फ क्रूड पाम तेल के आयात में थोड़ा इजाफा हुआ।
रुपए के भारी अवमूल्यन से खाद्य तेलों आयात महंगा बैठ रहा है। इससे पूर्व नवम्बर 2024 में औसत आयात मूल्य आरबीडी पामोलीन का 1233 डॉलर प्रति टन, क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का 1269 डॉलर प्रति टन, क्रूड डीगम सोयाबीन तेल का 1219 डॉलर प्रति टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का 1265 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया था।
