भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेलों के स्टॉक में कमी

22-Oct-2025 11:22 AM

मुम्बई। विदेशों से पिछले महीने बेहतर आयात होने के बावजूद भारतीय बंदरगाहों पर 50 सितम्बर के मुकाबले 15 अक्टूबर 2025 को खाद्य तेलों का सकल आयात 9,97,846 टन से करीब 1 प्रतिशत गिरकर 9,87,771 टन रह गया। त्यौहारी मांग के कारण आयातित तेलों की निकासी कुछ बढ़ गई। बंदरगाहों पर खाद्य तेलों की खेपों को क्लीयरेंस देने की गति भी अच्छी रही। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान बंदरगाहों पर क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का स्टॉक 4,91,537 टन से 5 प्रतिशत बढ़कर 5,16,880 टन तथा क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का स्टॉक 2,68,255 टन से 4 प्रतिशत सुधरकर 2,79,874 टन पर पहुंचा मगर आरबीडी पामोलीन का स्टॉक 22,113 टन से 22 प्रतिशत घटकर 17,224 टन,

क्रूड सूरजमुखी तेल का स्टॉक 1,95,398 टन से 19 प्रतिशत गिरकर 1,57,546 टन तथा अन्य खाद्य तेलों का स्टॉक 20,543 टन से 21 प्रतिशत घटकर 16,247 टन रह गया। अक्टूबर में पीक त्यौहारी सीजन होने से खाद्य तेलों की घरेलू खपत बढ़ गई। 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सितम्बर में मलेशिया से भारत को पाम तेल का निर्यात बढ़कर पिछले 11 माह के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जिसमें अधिकांश मात्रा क्रूड पाम तेल की रही।

इंडोनेशिया से भी पाम तेल का अच्छा आयात हुआ। अर्जेन्टीना से सोया तेल का आयात अनवरत जारी है। भारतीय बंदरगाहों पर खाद्य तेलों का स्टॉक सामान्य माना जा रहा है।