बुलॉग के 3.40 लाख टन चावल के आयात टेंडर में भारत को भी शामिल होने की स्वीकृति
25-Oct-2024 05:23 PM
जकार्ता । इंडोनेशिया की सरकारी अनाज खरीद एजेंसी- बुलॉग द्वारा 3.40 लाख टन चावल की खरीद के लिए जो अंतर्राष्ट्रीय टेंडर जारी किया गया है उसमें अब भारत को भी शामिल होने की स्वीकृति मिल गई है और बिड (बोली या ऑफर) जमा करने की अवधि 1 दिन बढ़ा दी गई है।
बुलॉग ने 5 प्रतिशत टूट के अंश वाले सफेद (कच्चे) चावल के आयात का टेंडर जारी करते हुए नियम बनाया था कि इसमें केवल थाईलैंड, कम्बोडिया, वियतनाम एवं पाकिस्तान का चावल ही स्वीकार किया जाएगा लेकिन अब व्यापरियों को सूचित किया गया है कि इसमें भारतीय मूल के चावल का भी ऑफर दिया जा सकता है। ऑफर जमा करने की तिथि 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2024 नियत की गई है।
22 अक्टूबर को व्यापारियों को इस आशय की सूचना दी गई कि भारतीय मूल के चावल का ऑफर इस टेंडर के लिए दिया जा सकता है।
इससे अन्य निर्यातक देशों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि भारतीय चावल अभी सबसे सस्ते दाम पर उपलब्ध है और सरकार ने इसे पूरी तरह शुल्क मुक्त तथा नियंत्रण मुक्त कर दिया है। ऐसा प्रतीत होता है कि अन्य देशों के चावल निर्यातकों के लिए भारत की चुनौती एवं प्रतिस्पर्धा का मुकाबला करना आसान नहीं होगा।
इंडोनेशिया में चालू वर्ष के दौरान चावल आयात के लिए नियमित रूप से सरकारी टेंडर जारी हो रहे हैं और विभिन्न देशों से इसकी खरीद भी होती रही है। पहले म्यांमार भी इसमें शामिल था लेकिन नवीनतम टेंडर में उसे सम्मिलित नहीं किया गया है।
यदि इस टेंडर को हथियाने में भारत बाजी मारता है तो आगे का रास्ता साफ हो जाएगा और तब भारत से इंडोनेशिया को नियमित रूप से चावल का निर्यात हो सकता है।
इंडोनेशिया को भारी मात्रा में चावल के आयात की जरूरत है क्योंकि वहां इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का उत्पादन पिछले साल के मुकाबले 2.43 प्रतिशत घटकर 303.40 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है। चावल के निर्यात शिपमेंट की समयावधि नवम्बर से 20 दिसम्बर के बीच नियत की गई है।
