बेमौसमी वर्षा एवं खराब मौसम से ऑस्ट्रेलिया में फसलों की कटाई प्रभावित
05-Nov-2025 01:01 PM
मेलबोर्न। अत्यन्त प्रतिकूल मौसम तथा असामयिक वर्षा से पूर्वी ऑस्ट्रेलियाई कई भागों में ग्रीष्मकालीन फसलों की बिजाई पर असर पड़ने की संभावना है क्योंकि वहां शीतकालीन फसलों की कटाई-तैयारी में काफी बाधा पड़ रही है।
बारिश से पहले वहां जोर शोर से कटाई हो रही थी। क्वींसलैंड प्रान्त के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी भाग तथा न्यू साउथ वेल्स राज्य के उत्तरी क्षेत्र में पिछले दिनों हुई तूफानी वर्षा से खेतों में पानी भर गया और कहीं-कहीं बाढ़ जैसा दृश्य उपस्थित हो गया। कुछ क्षेत्रों में 50 मि०मी० से भी अधिक वर्षा हुई। डार्लिंग डाउन्स क्षेत्र के पूर्वी भाग में फसलों को सर्वाधिक नुकसान होने की आशंका है।
जिन इलाकों में शीतकालीन फसलों की कटाई-तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है वहां हाल की वर्षा से किसानों को फायदा हो सकता है क्योंकि ग्रीष्मकालीन फसलों की बिजाई के लिए परिस्थिति अनुकूल बन जाएगी लेकिन जिन क्षेत्रों में फसलें अभी खेतों में खड़ी हैं वहां उसे गंभीर नुकसान हो सकता है।
इसके तहत खासकर चना और मसूर जैसे दलहनों की क्वालिटी प्रभावित होने की आशंका है। न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में गेहूं तथा जौ की फसल को क्षति पहुंचने की संभावना है।
क्वींसलैंड प्रान्त में जौ की फसल कटने के बाद अब किसान चना फसल की कटाई में व्यस्त हो रहे थे मगर हाल की वर्षा से इसमें बाधा पड़ने लगी। ध्यान देने वाली बात है कि ऑस्ट्रेलिया के कुछ भागों में गंभीर सूखा पड़ने से खेतों में दरारे पड़ने लगी थीं और वहां हाल की वर्षा को वरदान माना जा रहा है।
