ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान
25-Oct-2025 01:32 PM
ब्रासीलिया। एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में उछलकर 17.85 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के रिकॉर्ड उत्पादन 17.18 करोड़ टन से 67 लाख टन ज्यादा है।
इसी तरह ब्राजील से सोयाबीन का निर्यात 2025 के 10.95 करोड़ टन से 15 लाख टन बढ़कर 2026 में 11.10 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है और भारत में वहां से भारी मात्रा में सोयाबीन तेल का आयात किया जाता है।
विश्लेषक फर्म के अनुसार रिकॉर्ड उत्पादन की वजह से ब्राजील में सोयाबीन की क्रशिंग-प्रोसेसिंग भी चालू सीजन के 5.85 करोड़ टन से बढ़कर अगले सीजन में 6.05 करोड़ टन पर पहुंचने के आसार हैं जिससे सोयामील के उत्पादन एवं निर्यात योग्य स्टॉक में स्वाभाविक रूप से बढ़ोत्तरी हो जाएगी।
वहां सोया डीओसी का उत्पादन 2024-25 सीजन के 4.51 करोड़ टन से बढ़कर 2025-26 के सीजन में 4.66 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान है।
इसी तरह ब्राजील में सोयाबीन तेल का उत्पादन 117 लाख टन से बढ़कर 121 लाख टन तथा इसका निर्यात 23.60 लाख टन से सुधरकर 24.60 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।
उपरोक्त आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों के उत्पादन एवं निर्यात का नया रिकॉर्ड बन सकता है।
वहां सोयाबीन की बिजाई सितम्बर से ही जारी है और किसान इस सर्वाधिक महत्वपूर्ण तिलहन की खेती में भारी उत्साह दिखा रहे हैं।
