बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक गत वर्ष से 21 प्रतिशत कम
18-Sep-2026 11:57 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 178 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्टॉक सुधरकर 131.17 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पर पहुंचा है लेकिन फिर भी यह गत वर्ष की समान अवधि के भंडार 165.65 बीसीएम से करीब 21 प्रतिशत पीछे है। मौजूदा पानी का स्टॉक इन बांधों-जलाशयों की कुछ भंडारण क्षमता का 71 प्रतिशत है जबकि यह 10 वर्षीय औसत से करीब 9 प्रतिशत कम है।
दक्षिणी भारत में पानी का स्टॉक काफी कम बताया जा रहा है क्योंकि वहां मानसून की पर्याप्त बारिश नहीं हो सकी। उत्तरी क्षेत्र (पंजाब, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश) के 11 जलाशयों में 12.65 बीसीएम पानी का स्टॉक है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 63.8 प्रतिशत है। पिछले साल वहां पानी का भंडार बढ़कर 93.6 प्रतिशत पर पहुंच गया था।
इसी तरह पूर्वी भारत को 31 बांधों (डैम) में 16.04 बीसीएम पानी का स्टॉक मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 73.4 प्रतिशत है। पिछले साल पानी का स्टॉक 78.5 प्रतिशत दर्ज किया गया था। पश्चिमी क्षेत्र के जलाशयों में 83.4 प्रतिशत पानी का स्टॉक उपलब्ध है जबकि महाराष्ट्र के कुछ भागों में अच्छी वर्षा नहीं हुई।
