पश्चिमी संभाग के जलाशयों में पानी के स्टॉक की स्थिति बेहतर

18-Sep-2026 01:10 PM

नागपुर। देश के पश्चिमी संभाग में महाराष्ट्र, गुजरात एवं गोवा जैसे राज्य सम्मिलित हैं जहां 58 प्रमुख बांधों-जलाशयों में फिलहाल 32.20 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक मौजूद है। यह स्टॉक उसकी कुल भंडारण क्षमता का 83.4 प्रतिशत है। यद्यपि पानी का यह स्टॉक गत वर्ष की समान अवधि के भंडार 93.9 प्रतिशत से कम है लेकिन फिर भी काफी हद तक संतोषजनक माना जा रहा है। अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप तथा कमजोर मानसून के बावजूद बांधों-जलाशयों में 80 प्रतिशत से अधिक पानी का स्टॉक मौजूद रहना अच्छी बात है। 

इसी तरह देश के मध्यवर्ती संभाग में अवस्थित प्रांतों-  मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में कुल 28 प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक सुधरकर 41.34 बीसीएम पर पहुंच गया है जो इसकी कुल भंडारण क्षमता का 85.1 प्रतिशत है। गत वर्ष की समान अवधि के दौरान इन जलाशयों में 90.8 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद था। इस बार मध्य प्रदेश में जोरदार बारिश हुई है।

लेकिन दक्षिणी राज्यों में जल भंडारण की स्थिति कुछ कमजोर देखी जा रही है। वहां कुल 50 प्रमुख बांधों-जलाशयों में अभी 28.94 बीसीएम पानी का स्टॉक उपलब्ध है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 51.8 प्रतिशत है। दक्षिणी संभाग में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं केरल जैसे राज्य अवस्थित हैं।