बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर 70 प्रतिशत से नीचे

30-Jan-2026 10:50 AM

नई दिल्ली। देश के अधिकांश भागों में बारिश का अभाव होने से बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घटता जा रहा है।

इसके फलस्वरूप विस्तारित रबी सीजन या जायद सीजन के दौरान विभिन्न फसलों की सिंचाई के लिए पानी की कमी की समस्या उत्पन्न हो सकती है। फिलहाल मुख्य रबी फसलों के लिए कोई गंभीर खतरा नहीं है। 

केन्द्रीय जल आयोग की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले 70 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है। चालू वर्ष के आरंभ से अब तक राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य औसत से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 

आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक देश के इन 166 बांधों-जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 183.565 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) की है जबकि उसमें 126.354 बीसीएम या 68.83 प्रतिशत पानी का स्टॉक बचा हुआ है।

फिर भी यह जल स्तर गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 7.5 प्रतिशत बिंदु तथा दस वर्षीय औसत के मुकाबले 24 प्रतिशत बिंदु ऊंचा है।

देश के चार जलाशय अब भी पानी से लबालब भरे हुए हैं जबकि 51 जलाशयों में भंडारण क्षमता के सापेक्ष 80 प्रतिशत से अधिक पानी का स्टॉक मौजूद है।

हालांकि जनवरी के तीसरे-चौथे सप्ताह के दौरान पश्चिमोत्तर भारत में वर्षा हुई लेकिन इससे बांधों के जलस्तर में कोई खास सुधार नहीं हो सका। आगे इस क्षेत्र में और भी बारिश होने की संभावना है।