बांधों जलाशयों में पानी का स्तर छठे सप्ताह भी घटा

19-Dec-2025 01:01 PM

नई दिल्ली। देश के अधिकांश भागों में बारिश नहीं या नगण्य होने से 166 प्रमुख बांधों जलाशयों में पानी का स्टॉक लगातार छठे सप्ताह घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के 85 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है।

केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि इस 166 बांधों-जलाशयों में फिलहाल 151.452 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 82.51 प्रतिशत है। बांधों का जलस्तर लगातार घटता जा रहा है। ला नीना मौसम चक्र की सक्रियता के बावजूद देश में बारिश नहीं हो रही है। 

वैसे बांधों-जलाशयों का मौजूदा जल स्तर गत वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत के मुकाबले 22 प्रतिशत ज्यादा है।

उत्तरी भारत में मौसम ठंडा होने से बारिश की कमी के बावजूद रबी फसलों के लिए अभी गंभीर खतरा उत्पन्न नहीं हुआ है और खेतों की मिटटी में नमी का अंश मौजूद है। 

मौसम विभाग के अनुसार यद्यपि दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के बाद 1 अक्टूबर से 18 दिसम्बर 2025 के दौरान देश के 730 जिलों में से केवल 20 प्रतिशत जिलों में ही वर्षा का अभाव देखा गया

लेकिन गत सप्ताह तमिलनाडु, केरल एवं आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के कुछ इलाकों एवं पूर्वोत्तर प्रांतों के कुछ भागों को छोड़कर देश के अन्य क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। आगे वर्षा की आवश्यकता महसूस हो सकती है।