बांधों जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 71 प्रतिशत पर आया

23-Jan-2026 01:34 PM

नई दिल्ली। केंद्रीय जल आयोग के नवीनतम आकड़ों से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर 130.753 बिलियन क्यूसिक मीटर (बीसीएम) रह गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 71.23 प्रतिशत है। फिर भी यह जलस्तर गत वर्ष की समानअवधि के मुकाबले 7 प्रतिशत बिंदु तथा दस वर्षीय औसत स्तर की तुलना में 23.5 प्रतिशत बिंदु ऊंचा है।

आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सिर्फ पश्चिमी संभाग को छोड़कर देश के अन्य चारों क्षेत्रों में जलस्तर घटकर 80 प्रतिशत से नीचे आ गया है। वैसे अब भी 155 बांधों में सामान्य औसत स्तर के सापेक्ष 80 प्रतिशत से अधिक पानी का भण्डार बचा हुआ है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार वर्ष 2020 के आरम्भ से अब तक देश के 726 जिलों में से 91 प्रतिशत जिलों में बारिश नहीं या नगण्य हुई है जिससे बांधों का जलस्तर घट गया है। 1 से 22 जनवरी 2026 के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर केवल 1.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी जो सामान्य औसत स्तर 10.6 मि.मी. से बहुत कम रही। वैसे अब पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली एवं चंडीगढ़ आदि के साथ-साथ तमिलनाडु, पांडिचेरी एवं केरल में भी वर्षा होने के संकेत मिल रहे हैं।