चालू माह के पहले हाफ में मलेशियाई पाम तेल के निर्यात में गिरावट
15-Dec-2025 06:30 PM
कुआलालम्पुर। दुनिया में पाम तेल के दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- मलेशिया में एक तरफ इस महत्वपूर्ण वनस्पति तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक उछलकर शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है
और क्रूड पाम तेल का उत्पादन भी शानदार हो रहा है जबकि दूसरी ओर इसके निर्यात का प्रदर्शन कमजोर देखा जा रहा है। प्राइवेट कार्गो सर्वेयर फर्मों के आंकड़ों से पता चलता है कि पाम तेल उत्पादों के निर्यात में कमी का सिलसिला बरकरार है।
एक अग्रणी कार्गो सर्वेयर फर्म- इंटर टेक टेस्टिंग सर्विसेज (आईटीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि 1-15 नवम्बर की तुलना में 1-15 दिसम्बर 2025 के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का सकल निर्यात 7,28,995 टन से घटकर 6,13,172 टन पर सिमट गया।
इसके तहत क्रूड पाम तेल का शिपमेंट 1,50,495 टन से बढ़कर 1,65,380 टन आरबीडी पाम स्टेरिन का 48,830 टन से उछलकर 71,717 टन तथा पाम फैट्टी एसिड डिस्टीलेट का निर्यात 20,850 टन से सुधरकर 33,010 टन पर पहुंचा लेकिन दूसरी ओर आरबीडी पाम तेल का शिपमेंट 65,985 टन से घटकर 43,547 टन, आरबीडी पामोलीन का 1,57,955 टन से लुढ़ककर 94,533 टन तथा क्रूड पाम कर्नेल तेल का निर्यात 16,400 टन के गिरकर 2500 टन रह गया।
आईटीएस की रिपोर्ट के अनुसार नवम्बर के शुरुआती 15 दिनों के मुकाबले दिसम्बर के आरम्भिक 15 दिनों के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का निर्यात भारत में 1,05,910 टन से बढ़कर 1,69,500 टन पर पहुंचा लेकिन यूरोपीय संघ में 1,64,275 टन से घटकर 1,02,482 टन तथा चीन में निर्यात 99,380 टन से गिरकर 85,320 टन रह गयी।
एक अन्य कार्गो सर्वेयर कम्पनी- एम्सपेक की रिपोर्ट के मुताबिक समीक्षाधीन अवधि के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का निर्यात 7,02,692 टन से लुढ़ककर 5,87,657 टन पर अटक गया।
इसके तहत यद्यपि क्रूड पाम तेल का शिपमेंट 1,59,040 टन से बढ़कर 1,71,880 टन तथा आरबीडी पाम स्टेरिन का निर्यात 50,754 टन से सुधरकर 62,527 टन पर पहुंचा जबकि आरबीडी पाम तेल का शिपमेंट 72778 टन से घटकर 54,607 टन,
आरबीडी पामोलीन का 1,62,345 टन से गिरकर 97,648 टन, क्रूड पाम कर्नेल तेल का 10,700 टन से लुढ़ककर 2500 टन तथा पाम फैट्टी एसिड डिस्टीलेट का निर्यात 51,640 टन से घटकर 32,950 टन पर अटक गया।
