चालू सीजन के अंत में 74.50 लाख टन चीनी का स्टॉक बचने का अनुमान

05-Nov-2025 11:00 AM

नई दिल्ली। गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर 1 अक्टूबर 2025 से आरंभ हो चुका है जो 30 सितम्बर 2026 तक बरकरार रहेगा।

शीर्ष उद्योग संगठन- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 2025-26 सीजन के लिए चीनी उत्पादन का अपना पहला अनुमान जारी कर दिया है। 

इस्मा की रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान मार्केटिंग सीजन के आरंभ में यानी 1 अक्टूबर 2025 को स्वदेशी उद्योग के पास करीब 50 लाख टन चीनी का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था जबकि चालू सीजन के दौरान देश में 343.50 लाख टन चीनी का सकल उत्पादन होने की उम्मीद है।

इसमें से 34 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में किया जाएगा और शेष 309.50 लाख टन का स्टॉक खाद्य उद्देश्य के लिए उपलब्ध रहेगा।

इस्मा का मानना है कि 2025-26 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में लगभग 285 लाख टन चीनी की घरेलू खपत होगी और सीजन के अंत में उद्योग के पास 74.50 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच जाएगा।

इस्मा के मुताबिक 50 लाख टन के पिछला स्टॉक एवं 309.50 लाख टन के उत्पादन के साथ 2025-26 के सीजन में चीनी की कुल उपलब्धता 359.50 लाख टन पर पहुंचेगी।

स्टॉक की सुगमता को देखते हुए सरकार से 20 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग की जा रही है ताकि गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान सही समय पर करने में चीनी मिलर्स को सहायता मिल सके।