चीनी बाजार में सीमित उतार-चढ़ाव की संभावना
27-Jan-2026 09:27 PM
नई दिल्ली। आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम होने तथा मांग एवं उठाव की पोजीशन कमजोर रहने से चीनी का घरेलू बाजार भाव सीमित उतार-चढ़ाव के साथ एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर बना हुआ है।
चालू सप्ताह के दौरान फरवरी 2026 के लिए चीनी की घरेलू बिक्री का मासिक कोटा घोषित होने वाला था जो अब आ गया है। इसलिए मिलर्स को जनवरी कोटे की चीनी के बचे हुए भाग की जल्दी-जल्दी बिक्री करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
दिसम्बर एवं जनवरी में भारी ठंड का मौसम रहा और फिर भी 22-22 लाख टन चीनी का मासिक फ्री सेल कोटा जारी किया गया। फरवरी में तापमान कुछ ऊंचा होने की संभावना से चीनी में अच्छी औद्योगिक मांग निकलने की संभावना है जिसे देखते हुए केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा बढ़ाकर 22.50 लाख टन निर्धारित किया है
जो फरवरी 2025 के कोटे के बराबर मगर जनवरी 2026 के कोटे से 50 हजार टन ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जनवरी 2025 में भी 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत हुआ था।
दिसम्बर-जनवरी का कोटा घरेलू बाजार पर भारी पड़ गया। देखना है कि फरवरी का कोटा बाजार पर कितना असर डालता है। ऐसा लगता है कि यह कोटा चीनी के दाम को बहुत ज्यादा ऊपर नहीं उठने देगा।
