चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में सीमित उतार-चढ़ाव की संभावना

04-Feb-2026 08:54 PM

मुम्बई। देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों की चीनी मिलों में गन्ना की जोरदार क्रशिंग अभी जारी है और चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी के संकेत मिल रहे हैं। घरेलू प्रभाग में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है जबकि मांग एवं खपत में कोई खास वृद्धि नहीं हो रही है।

खुले बाजार में सीमित उतार-चढ़ाव के साथ चीनी का भाव एक निश्चित सीमा में लगभग स्थिर बना हुआ है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा तेजी आना मुश्किल लगता है। 

फरवरी के लिए 22.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा जारी किया गया है जो मांग एवं खपत को पूरा करने के लिए पर्याप्त हैं। फिलहाल कोई बड़ा पर्व-त्यौहार नहीं आने लगा है।

लग्नसरा सीजन की थोड़ी-बहुत मांग रहने की उम्मीद है जिससे चीनी की कीमतों में गिरावट की संभावना कम रहेगी। मौसम में बदलाव आने लगा है।

यदि आगामी दिनों में तापमान बढ़ता है तो कोल्ड ड्रिंक्स तथा आइसक्रीम निर्माता चीनी की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा सकते हैं। समझा जाता है कि नीचे दाम पर कुछ खरीदारी भी हो चुकी है। 

वैश्विक बाजार की हालत भारत से चीनी निर्यात के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं है। ब्राजील में चीनी उत्पादन का सीजन लगभग समाप्त हो चुका है और अगला सीजन अप्रैल में आरंभ होगा लेकिन फिर भी चीनी का वैश्विक बाजार भाव तेज नहीं हो रहा है।