साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
25-Apr-2026 07:10 PM
थोड़ी-बहुत औद्योगिक मांग निकलने से चीनी के दाम में सुधार
नई दिल्ली। बढ़ते तापमान के साथ भयंकर गर्मी का दौर शुरू होने से कोल्ड ड्रिंक्स एवं आईस्क्रीम आदि के निर्यात में चीनी की औद्योगिक मांग धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। जबकि इसके उत्पादन का मुख्य सीजन लगभग समाप्त हो चुका है। चीनी का निर्यात प्रदर्शन सामान्य है। घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति फिलहाल काफी हद तक सुगम बनी हुई है।
मिल डिलीवरी भाव
18-24 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा बिहार में 15-15 रुपए प्रति क्विंटल, पंजाब में 20 रुपए, गुजरात में 10 रुपए तथा मध्य प्रदेश में 5 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया।
हाजिर भाव
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 50 रुपए बढ़कर 4350/4450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया लेकिन इंदौर में 4150/4250 रुपए प्रति क्विंटल, रायपुर में 4050/4150 रुपए, कोलकाता में 4150/4280 रुपए तथा मुम्बई (वाशी) में 3870/4070 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 3820/4020 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर देखा गया।
टेंडर
लेकिन महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में 20-25 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। समझा जाता है कि एक तरफ व्यापारियों / स्टॉकिस्टों के पास चीनी का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जबकि दूसरी ओर माह का तीसरा सप्ताह होने से मिलर्स को अपना कोटा बेचने में थोड़ी सक्रियता दिखानी पड़ी।
कोटा
अगले सप्ताह मई माह के लिए चीनी का नया मासिक कोटा घोषित होने वाला है और भीषण गर्मी की संभावना को देखते हुए कोटा में कुछ बढ़ोत्तरी की उम्मीद की जा रही है।
