साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं

25-Apr-2026 07:15 PM

देश की सभी छोटी-बड़ी मंडियों में गेहूं की भारी आवक 

नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं बिहार सहित देश के अन्य उत्पादक राज्यों की सभी छोटी-बड़ी मंडियों में गेहूं की जोरदार आपूर्ति हो रही है और सरकारी एजेंसियों तथा व्यापारिक फर्मों / फ्लोर मिलों द्वारा इसकी नियमित खरीद भी की जा रही है।  
भाव 
इसके फलस्वरूप कीमतों में तेजी या स्थिरता का माहौल देखा जा रहा है। 18-24 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान केवल राजस्थान की बूंदी मंडी में गेहूं के दाम में ऊंचे में 250 रुपए प्रति क्विंटल की भारी गिरावट देखी गई। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर एवं मैनपुरी में गेहूं का भाव क्रमश: 10 रुपए एवं 30 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा। 
दिल्ली 
दूसरी ओर दिल्ली में सामान्य आवक एवं बेहतर कारोबार के साथ गेहूं का दाम 110 रुपए बढ़कर 2650/2690 रुपए तथा मध्य प्रदेश के इटारसी में 100 रुपए बढ़कर 2380/2600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियों में फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स तथा व्यापारियों / स्टॉकिस्टों द्वारा गेहूं की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई जा रही है। केन्द्रीय खाद्य सचिव ने भी कहा है कि फ्लोर मिलर्स को सरकारी गेहूं पर आश्रित रहने के बजाए मंडियों से ज्यादा गेहूं खरीदना चाहिए और इसमें आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए। 
वर्षा 
बेमौसमी वर्षा के कारण गेहूं की क्वालिटी इस बार कमजोर पड़ी है इसलिए अच्छी गुणवत्ता वाले माल की मांग बढ़ सकती है। निर्यातक भी सस्ते दाम पर गेहूं खरीदने की कोशिश कर सकते हैं। गेहूं की अच्छी आपूर्ति का सिलसिला जारी रहेगा।