चीनी के उत्पादन की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं
24-Oct-2025 08:30 PM
नई दिल्ली। हालांकि गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर 1 अक्टूबर 2025 से आरंभ हो चुका है लेकिन अधिकांश प्रमुख उत्पादक राज्यों में इसकी गति अत्यन्त धीमी देखी जा रही है।
बेशक केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान कुल मिलाकर 340 लाख टन चीनी के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है जो शीर्ष उद्योग संस्था- इन्डियन शुगर एंड बायोएनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा लगाए गए आरंभिक अनुमान 349 लाख टन से कुछ कम है
लेकिन फिलहाल इसे पक्का आंकड़ा नहीं माना जा रहा है अगले कुछ दिनों में इस्मा का पहला अग्रिम उत्पादन अनुमान सामने आने वाला है तब तस्वीर कुछ हद तक स्पष्ट हो पाएगी। खाद्य मंत्रालय का आंकड़ा विभिन्न राज्यों द्वारा दिए गए इनपुट पर आधारित है जिसमें आगे कुछ बदलाव हो सकता है।
त्यौहारी सीजन समाप्ति की ओर अग्रसर है जबकि गुड़ का उत्पादन पहले ही शुरू हो चुका है। इससे चीनी पर दबाव घटने की संभावना है। उद्योग के पास चीनी का बकाया स्टॉक भी कम है जबकि अक्टूबर में इसका उत्पादन उम्मीद के अनुरूप होने में संदेह है।
इससे बाजार में अनिश्चितता का माहौल रह सकता है। अगले कुछ दिनों में नवम्बर 2025 के लिए चीनी का मासिक फ्री सेल कोटा घोषित होने वाला है।
अक्टूबर में पर्व-त्यौहारों की एक लम्बी श्रृंखला होने के कारण 24 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था लेकिन नवम्बर में इसे घटाकर सामान्य स्तर पर लाये जाने की संभावना है।
