चीनी के वैश्विक निर्यात बाजार में ब्राजील की भागीदारी 40 प्रतिशत से ऊपर
25-Oct-2024 07:47 PM
साओ पाउलो । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है और वैश्विक निर्यात बाजार में इसकी भागीदारी 40 प्रतिशत से ऊपर रहती है।
इसके बाद थाईलैंड, यूरोपीय संघ तथा ऑस्ट्रेलिया आदि का नम्बर रहता है। जहां तक भारत का सवाल है तो यह ब्राजील के बाद संसार में चीनी का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश बना हुआ है मगर यहां से निर्यात नहीं हो रहा है क्योंकि सरकार ने जून 2023 से इसका निर्यात कोटा जारी नहीं किया है और निकट भविष्य में इसके जारी होने की संभावना नहीं है।
उससे पूर्व भारत एक बार थाईलैंड को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे प्रमुख चीनी निर्यातक देश बन गया था जब लगभग 110 लाख टन चीनी का शिपमेंट करने में सफल हो गया था।
ब्राजील में गन्ना एवं चीनी उत्पादक के लिए मौसम की हालत अनुकूल रहती है और उसकी अर्थव्यवस्था को सुधारने में सोयाबीन तथा मक्का के साथ-साथ चीनी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
ब्राजील में 400 लाख टन से अधिक चीनी का वार्षिक उत्पादन होता है जबकि घरेलू उपयोग 100 लाख टन के आसपास होता है। इसके फलस्वरूप वहां चीनी का अत्यन्त विशाल निर्यात योग्य अधिशेष स्टॉक मौजूद रहता है। अन्य निर्यातक देशों की तुलना में ब्राजील की चीनी कुछ सस्ती होती है इसलिए इसकी निर्यात मांग मजबूत रहती है।
