चीन में 70 प्रतिशत से अधिक सोयाबीन का आयात ब्राजील से
12-May-2026 11:28 AM
साओ पाउलो। लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि चीन इसका सर्वाधिक आयात करता है। वर्ष 2025 के दौरान चीन में 10 करोड़ टन से अधिक सोयाबीन मंगाया गया जिसमें ब्राजीलियन तिलहन की भागीदारी करीब तीन-चौथाई रही। वस्तुतः ब्राजील से चीन को 70 प्रतिशत से ज्यादा सोयाबीन का निर्यात किया गया और इसके फलस्वरूप उसका कुल निर्यात बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि दुनिया में 60 प्रतिशत से अधिक सोयाबीन का आयात अकेले चीन करता है। वहां ब्राजील के अलावा अमरीका, अर्जेन्टीना तथा उरुग्वे-पराग्वे जैसे देशों से भी सोयाबीन मंगाया जाता है।
वर्ष 2025 में अमरीका और चीन के बीच टैरिफ वार जारी रहने तथा ब्राजील के तिलहन की कीमत प्रतिस्पर्धी स्तर पर होने से चीन को ब्राजील से रिकॉर्ड मात्रा में सोयाबीन का आयात करने का प्रोत्साहन मिल गया। चीन के आयातकों को अमरीकी सोयाबीन की खरीद अनाकर्षक प्रतीत हुई।
हालांकि अब अमरीकी राष्ट्र्पति चीन के दौरे पर जा रहे हैं और वे वहां सोयाबीन सहित अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने का प्रयास कर सकते हैं लेकिन चीन के सोयाबीन बाजार पर ब्राजील का वर्चस्व इससे प्रभावित होना मुश्किल लगता है।
वर्ष 2026 के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया जिससे इसके निर्यात योग्य स्टॉक में भी जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई। ब्राजील अपने सोयाबीन का निर्यात बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रहा है।
