चीन में सीमा शुल्क की समाप्ति से कनाडा में मटर का भाव सुधरने के आसार
19-Jan-2026 11:30 AM
विनीपेग। आधिकारिक स्तर की द्विपक्षीय बातचीत के बाद चीन ने कनाडाई मटर के आयात पर मार्च 2025 से ही लागू 100 प्रतिशत के सीमा शुल्क को हटाने की घोषणा की है। इससे कनाडा के मटर उत्पादकों एवं सम्पूर्ण मूल्य श्रृंखला को काफी राहत मिलने और मटर के दाम में सुधार आने की उम्मीद की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि द्विपक्षीय बातचीत के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री चीन गए थे और वहां उन्होंने राष्ट्रपति के साथ मीटिंग की थी। चीन की घोषणा से कनाडाई मटर को एक प्रमुख बाजार तक पहुंचने का दोबारा अवसर मिल जाएगा जो पिछले 9-10 महीनों से बंद पड़ा था।
पल्स कनाडा ने चीन की इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा है कि वह कनाडाई मटर का अग्रणी निर्यात बाजार है और अब वहां अनिश्चितता का माहौल समाप्त हो गया है। इससे कनाडा के उत्पादक एवं निर्यातक खुश हैं।
उम्मीद की जा रही है कि शीघ्र ही कनाडा से चीन को मटर का निर्यात आरंभ हो जाएगा। इससे रूस के उत्पादकों एवं निर्यातकों को धक्का लग सकता है। कनाडा से करोबार बंद होने के बाद चीन के आयातक रूस से ही विशाल मात्रा में मटर मंगा रहे थे।
चीन में मटर की मांग काफी मजबूत बनी हुई है और कनाडा इसका एक स्थायी एवं विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता देश माना जाता है।
चीन में निर्यात बंद होने तथा भारत में 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू होने से कनाडा में मटर का निर्यात ऑफर मूल्य घटकर काफी नीचे आ गया है।
अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में कनाडा के मटर की आक्रामक बिक्री का प्रयास करते रहे हैं। कनाडा को चीन का विशाल बाजार भी नहीं मिल रहा था इसलिए उसे कीमतों को नीचे स्तर पर रखने के लिए विवश होना पड़ रहा था।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने 2025-26 के सीजन में कनाडा में मटर का सकल उत्पादन बढ़कर 39 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
