चीन में सीमा शुल्क समाप्त होने की संभावना से कनाडा में मटर उत्पादकों को राहत
22-Jan-2026 12:11 PM
रेगिना। कनाडा के मटर उत्पादक लम्बे समय से चीन में लागू 100 प्रतिशत के सीमा शुल्क के हटने की प्रतीक्षा कर रहे थे और अब यह खबर आई है कि चीन इस भारी-भरकम आयात शुल्क को समाप्त करने पर सहमत हो गया है। चीन का बाजार दोबारा खुलने से कनाडा के मटर उत्पादकों एवं निर्यातकों को काफी राहत मिलेगी और इसका निर्यात प्रदर्शन बेहतर हो जाएगा।
दरअसल इस बार कनाडा में मटर का कुल उत्पादन करीब 36 प्रतिशत बढ़कर 39 लाख टन पर पहुंच गया लेकिन इसका निर्यात बाजार सिकुड़ गया था।
मार्च 2025 से ही चीन में कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा हुआ था जबकि वह इसका प्रमुख खरीदार था। इधर भारत में भी पीली मटर पर 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दिया गया है जो 1 नवम्बर 2025 से प्रभावी हो चुका है।
पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पीली मटर का एफओबी भाव फिलहाल 7.00-7.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बना हुआ है और चीन की जोरदार मांग निकलने पर कीमतों में कुछ सुधार आने की उम्मीद है। भारत में सिर्फ पीली मटर के आयात की स्वीकृति दी गई है जबकि चीन में सभी किस्मों एवं श्रेणियों की मटर का आयात किया जाता है।
अधिकतम 3 प्रतिशत चिपटे दाने के साथ हरी मटर का दाम कनाडा में 10.00-10.50 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है जबकि मापले मटर का भाव सुधरकर 12.00/14.00 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है।
कनाडा में अप्रैल से मटर की बिजाई शुरू होने वाली है। यदि चीन की मजबूत मांग से मटर की कीमतों में इजाफा होता है तो किसानों को रकबा बढ़ाने का प्रोत्साहन मिल सकता है।
