चावल की सरकारी खरीद में 46 प्रतिशत का जोरदार इजाफा

04-Nov-2025 11:30 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय एजेंसी- भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा इसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा प्रमुख उत्पादक राज्यों में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की जोरदार खरीद की जा रही है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2025 के अंत तक केन्द्रीय पूल के लिए 119 लाख टन से  अधिक चावल (इसके समतुल्य धान) खरीदा गया जो गत वर्ष की समान अवधि की खरीद 81.85 लाख टन से 46 प्रतिशत अधिक रहा। 

प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर के दूसरे हाफ में यानी 16 से 31 अक्टूबर 2025 के दौरान चावल की सरकारी खरीद बढ़कर 70 लाख टन से आगे निकल गई जबकि पिछले साल की इसी अवधि में करीब 60 लाख टन रही थी।

वैसे अक्टूबर के प्रथम पखवाड़े में 48.47 लाख टन चावल खरीदा गया था। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि अब चावल की सरकारी खरीद में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है।

यहां यह ध्यान रखना आवश्यक है कि वास्तव में किसानों से धान खरीदा जा रहा है और 67 प्रतिशत मिलिंग रेट के आधार पर उसे चावल में कन्वर्ट करके उसका आंकड़ा दिया जा रहा है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पंजाब, हरियाणा तथा तमिलनाडु सहित कुछ अन्य राज्यों में धान की कटाई इस बार जल्दी आरंभ हो गई और सरकारी क्रय केन्द्रों पर उसकी विशाल आवक होने लगी।

इसके फलस्वरूप खरीद की गति भी तेज हो गई। हालांकि पंजाब तथा हरियाणा में भयंकर बाढ़ के कारण खेतों में पानी जमा होने से धान की कटाई में देर होने की आशंका व्यक्त की जा रही थी लेकिन जहां बाढ़ का प्रकोप ज्यादा नहीं था वहां फसल की कटाई जल्दी शुरू हो गई। 

आमतौर पर पंजाब-हरियाणा में नए धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होती है लेकिन इस बार फसल जल्दी आने से वहां खरीद की प्रक्रिया मध्य सितम्बर से ही आरंभ करने की अनुमति दे दी गई।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इस वर्ष 31 अक्टूबर तक पंजाब में चावल की सरकारी खरीद 46.62 लाख टन से 49 प्रतिशत बढ़कर 69.39 लाख टन तथा हरियाणा में 31.06 लाख टन से करीब 23 प्रतिशत बढ़कर 38.12 लाख टन पर पहुंच गई। उधर सुदूर दक्षिणी राज्य- तमिलनाडु में 1 सितम्बर से ही धान की सरकारी खरीद आरंभ हो गई थी।

वहां चावल की खरीद 2.89 लाख टन की तुलना में दोगुना से ज्यादा उछलकर इस बार 7.51 लाख टन पर पहुंच गई। देश के अन्य राज्यों में 4.05 लाख टन चावल के समतुल्य धान खरीदा गया। इसके तहत उत्तराखंड में 2.89 लाख टन, उत्तर प्रदेश 61,701 टन तथा तेलंगाना में 27,157 टन चावल केन्द्रीय पूल के लिए खरीदा गया।