डॉलर की मजबूती से चीनी का वायदा भाव नरम

13-Nov-2024 02:35 PM

न्यूयार्क । पिछले दिन डॉलर का सूचकांक सुधरकर सवा चार माह के ऊंचे स्तर पर पहुंचने से चीनी का वायदा भाव नरम पड़ गया।

इसके तहत मार्च अनुबंध के लिए न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा भाव 0.01 सेंट या 0.05 प्रतिशत तथा दिसम्बर डिलीवरी के लिए लन्दन एक्सचेंज में सफेद चीनी (व्हाइट शुगर) का वायदा मूल्य 8.80 डॉलर प्रति टन या 1.59 प्रतिशत घटकर पौने दो माह के नीचे स्तर पर आ गया।

समझा जाता है कि बाद के पत्र में शॉर्ट कवरिंग होने से चीनी के वायदा मूल्य में जबरदस्त गिरावट नहीं आ सकी जबकि यूनिका की रिपोर्ट आने के बाद बाजार में खरीदारी अच्छी होने लगी। उससे पूर्व इसमें नरमी का माहौल बना हुआ था। 

सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील की शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका की रिपोर्ट के अनुसार देश के मध्य दक्षिणी भाग में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के दौरान चीनी का उत्पादन 24.3 प्रतिशत घटकर 17.85 लाख टन पर अटक गया लेकिन अप्रैल से अक्टूबर 2024 के सात महीनों में इसका कुल उत्पादन 0.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 370 लाख टन पर पहुंच गया।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि ब्राजील के मध्य दक्षिणी भाग में चीनी का उत्पादन गत वर्ष के आसपास ही हो रहा है मगर आगामी समय में इसमें गिरावट आ सकती है। 

उल्लेखनीय है कि ब्राजील में लगभग 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है और वहां साओ पाउलो इसका सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है।

इस प्रान्त में अगस्त-सितम्बर के दौरान भीषण गर्मी एवं आगजनी के कारण हजारों हेक्टेयर में गन्ना की फसल जल गई जिसका असर अब दिखाई पड़ने लगा है।

वहां लगभग 80 हजार हेक्टेयर में गन्ना की फसल आंशिक या पूरी तरह बर्बाद हो गई और 50 लाख टन गन्ना जल गया। सरकारी एजेंसी- कोनाब ने चीनी का उत्पादन अनुमान 427 लाख टन से घटाकर 420 लाख टन नियत किया है जबकि कुछ समीक्षकों का मानना है कि वास्तविक उत्पादन 400 लाख टन से कम हो सकता है।

कुल उत्पादन 390 से 400 लाख टन के बीच होने का अनुमान है। राबो बैंक ने भी चीनी का उत्पादन अनुमान 403 लाख टन से घटाकर 393 लाख टन निर्धारित किया है जबकि डाटा एग्रो ने उत्पादन का अनुमान 393 लाख टन से घटाकर 387 लाख नियत किया है।