एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य ऊंचा होने पर 2 लाख करोड़ रुपए की बचत संभव
16-Dec-2025 02:52 PM
गुरुग्राम। एक महत्वपूर्ण संस्था- ग्रेन एथनॉल मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (गेमा) ने कहा है कि पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण से देश को अब तक 40,000 करोड़ रुपए मूल्य की विदेशी मुद्रा की बचत हो चुकी है।
अभी मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत नियत है। यदि इस लक्ष्य में बढ़ोत्तरी हुई और उसे हासिल करने में सफलता मिल जाए तो भारत को पेट्रोलियम के आयात खर्च में 2 लाख करोड़ रुपए तक की भारी बढ़त करने का अवसर मिल सकता है।
गेमा के अध्यक्ष का कहना है कि वर्तमान समय में देश के अंदर लगभग 22 लाख करोड़ रुपए मूल्य के क्रूड खनिज तेल का वार्षिक आयात हो रहा है जबकि पेट्रोल में एथनॉल का मिश्रण बढ़ाकर इस खर्च में 2 लाख करोड़ रुपए तक की कटौती की जा सकती है। यह बहुत बड़ी बचत होगी और सरकार को इस पर गम्भीरतापूर्वक ध्यान देना चाहिए।
देश में अब गन्ना अवयवों के साथ-साथ अनाजों से भी एथनॉल का विशाल उत्पादन होने लगा है जिसमें मक्का, चावल तथा अन्य क्षतिग्रस्त अनाज शामिल हैं।
देश में एथनॉल उत्पादन की क्षमता का तेजी से विकास विस्तार हो रहा है। पहले एथनॉल की घरेलू खपत कम होती थी इसलिए क्षमता के सम्पूर्ण भाग का इस्तेमाल नहीं होता था और अब खपत बढ़ने के बावजूद पूरी क्षमता का उपयोग संभव नहीं हो रहा है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों के दौरान क्षमता में भारी बढ़ोत्तरी हो गई है। नई-नई डिस्टीलरीज स्थापित हो रही है।
सरकार के स्पष्ट नीतिगत निर्देशन तथा दीर्घ कालीन योजना के कारण उद्यमियों को एथनॉल उत्पादन की क्षमता बढ़ाने का प्रोत्साहन मिल रहा है।
हालांकि गन्ना अवयवों- गन्ना जूस- शुगर सीरप, बी-हैवी शिरा तथा सी हैवी शीरा आदि से एथनॉल के निर्माण में उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहता है
क्योंकि सरकार को घरेलू प्रभाग में उचित मूल्य पर चीनी की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करनी पड़ती है लेकिन अनाज से एथनॉल का उत्पादन क्रमिक रूप से बढ़ता जा रहा है।
एथनॉल के उत्पादन में बढ़ोत्तरी का सिलसिला तभी बरकरार रहेगा जब पेट्रोल में मिश्रण के लिए इसकी ज्यादा जरूरत पड़ेगी।
लैटिन अमरीकी देश ब्राजील में पेट्रोल की खपत में 55 प्रतिशत से अधिक की कमी आने का मुख्य कारण यह है कि उसमें एथनॉल का विशाल मिश्रण किया जाता है।
इंडोनेशिया में बायोडीजल के निर्माण में 40 प्रतिशत पाम तेल का उपयोग किया जा रहा है। भारत में भी पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य काफी ऊंचा उठाए जाने की आवश्यकता है।
