फिलीपींस में चावल के आयात पर लगी रोक की अवधि अप्रैल तक बढ़ाने की योजना

07-Oct-2025 01:52 PM

मनिला। दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित संसार के सबसे प्रमुख चावल आयात देश- फिलीपींस में चावल के आयात पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिए जाने के बाद इसकी समयसीमा को अप्रैल 2026 तक बढ़ाने का प्लान बनाया जा रहा है ताकि स्वदेशी किसानों को उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन मिल सके।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार यदि फिलीपींस में लम्बी अवधि तक चावल के आयात पर प्रतिबंध लगाए रखने का निर्णय लिया गया तो इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न के वैश्विक बाजार मूल्य पर दबाव और भी बढ़ सकता है जबकि पहले ही इसका दाम घटकर काफी नीचे आ चुका है। फिलीपींस में चावल का सर्वाधिक आयात वियतनाम और थाईलैंड से होता है जबकि भारत से भी थोड़ी-बहुत मात्रा में इसे मंगाया जाता है। 

फिलीपींस के कृषि मंत्री ने अपनी संसद को बताया कि सरकार केवल जनवरी 2026 में करीब एक माह के लिए चावल के आयात की अनुमति दे सकती है क्योंकि उस समय कम से कम 3 लाख टन चावल के आयात की आवश्यकता पड़ने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि फिलीपींस में 1 सितम्बर 2025 से चावल के आयात पर पाबंदी लगी हुई है। पहले माना जा रहा था कि यह प्रतिबंध दो माह (60 दिनों) के लिए लागू किया गया है लेकिन अब कृषि मंत्री ने संकेत दिया है कि जनवरी 2026 में अन्य विराम के बाद अप्रैल 2026 तक यह प्रतिबंध बरकरार रखा जा सकता है। 

फिलीपींस सरकार के इस प्लान से देश के धान उत्पादकों को खासकर नई फसल की कटाई-तैयारी के पीक सीजन में बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है

और सरकार का इरादा भी किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का है। लेकिन इससे वैश्विक बाजार में चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ जाने की संभावना है।

एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के अनुसार दुनिया के प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों में उत्पादन बढ़ने की संभावना तथा प्रमुख खरीदार देशों में कमजोर मांग के संकेत से चावल के वैश्विक बाजार मूल्य पर पहले से ही काफी दबाव देखा जा रहा है।

ऐसी हालत में अगर सबसे बड़े खरीदार देश में आयात बंद रहा तो कीमतों में और भी गिरावट आने की आशंका रहेगी जिससे निर्यातक देश के धान उत्पादकों को लाभप्रद मूल्य पाने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ सकता है।