गेहूं का उत्पादन क्षेत्र सामान्य औसत क्षेत्रफल से निकल सकता है आगे
30-Oct-2025 05:35 PM
नई दिल्ली। पंजाब- हरियाणा में अधिशेष वर्षा एवं विनाशकारी बाढ़ से खरीफ कालीन फसलों और खासकर धान की फसल को काफी क्षति हुई है इसलिए किसान चालू रबी सीजन में गेहूं का बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन बढ़ाकर उस कमी को पूरा करने का प्रयास कर सकते हैं।
उधर मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में गेहूं उत्पादकों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊपर 115 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है। चूंकि केन्द्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है इसलिए मध्य प्रदेश के किसानों को 2700 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा।
राजस्थान में भी गेहूं की खरीद पर किसानों को अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा हो सकती है। 2024-25 के सीजन में गेहूं पर किसानों को एमएसपी से ऊपर मध्य प्रदेश में 175 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 150 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिया गया जिससे केन्द्रीय पूल के लिए वहां गेहूं की खरीद में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
2025-26 के वर्तमान रबी सीजन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि ऊंचे समर्थन मूल्य, निश्चित खरीद की गारंटी तथा मौसम की अनुकूल हालत को देखते हुए इसका कुल उत्पादन क्षेत्र उससे अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
समझा जाता है कि सरसों एवं चना की वजह से उत्तर प्रदेश में गेहूं की खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण कुछ घट सकता है लेकिन अन्य राज्यों में बेहतर बिजाई के सहारे इस कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता है।
बिहार, गुजरात एवं महाराष्ट्र सहित अन्य उत्पादक राज्यों में गेहूं का रकबा गत वर्ष के आसपास ही रहने की उम्मीद है। रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं की बिजाई के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मानसून की लेट वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी मौजूद है और बांधों-जलाशयों में पानी का भरपूर स्टॉक भी उपलब्ध है। इससे किसानों को अगैती बिजाई में असुविधा नहीं होगी।
पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजाई की गति शीघ्र ही तेज होने की उम्मीद है। सरकार द्वारा खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। गेहूं की बोआई कुछ क्षेत्रों में शुरू हो चुकी है।
