गुजरात एवं उत्तरी भारत की स्पिनिंग मिलों को अच्छी क्वालिटी की रूई की जरूरत
22-Oct-2024 03:19 PM
रायचूर । गुजरात तथा उत्तरी भारत की स्पिनिंग मिलों ने कर्नाटक में रायचूर के आसपास के क्षेत्रों तथा आंध्र प्रदेश के अदोनी क्षेत्र से कपास खरीदना शुरू कर दिया है क्योंकि वहां कपास की अच्छी क्वालिटी वाला माल उपलब्ध है।
दरअसल देश के अनेक राज्यों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने से कपास की फसल एवं क्वालिटी पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है जिससे स्पिनिंग इकाइयों की चिंता बढ़ने लगी है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार वर्तमान समय में रायचूर एवं आसपास के क्षेत्रों में कपास की अच्छी आवक हो रही है और इसकी क्वालिटी भी बेहतर है।
इसके फलस्वरूप गुजरात की अधिकांश मिलों के साथ-साथ उत्तरी भारत की अनेक इकाइयां भी वहां कपास की खरीद में अच्छी सक्रियता दिखा रही हैं।
कपास की अगैती बिजाई वाली फसल तैयार होकर मंडियों में आने लगी है और अब इसकी मात्रा बढ़ती जा रही है। पूर्ववर्ती वर्षों में ऐसा नहीं देखा गया था।
हालांकि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में बारिश हुई है लेकिन कपास की फसल पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। सिर्फ फसल की तुड़ाई-तैयारी कुछ समय के लिए बाधित हुई। रायचूर एवं अदोनी में कपास का भाव 7000-7500 रुपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में कपास की नई फसल की तुड़ाई-तैयारी में लगभग एक माह की देर हो गई मगर उत्तरी कर्नाटक में फसल की आवक में कोई खास विलम्ब नहीं हुआ और इसलिए वहां खरीदारों की अधिक सक्रियता देखी जा रही है।
समझा जाता है कि प्रमुख उत्पादक राज्यों में 10 नवम्बर के बाद कपास की आवक तेजी से बढ़ सकती है और तब तक कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश की रूई में अच्छी मांग बरकरार रहेगी।
