गुजरात में 19.09 लाख हेक्टेयर के क्षेत्रफल में 42.19 लाख टन मूंगफली के उत्पादन का अनुमान

22-Oct-2024 11:59 AM

अहमदाबाद । देश के सबसे प्रमुख मूंगफली उत्पादक राज्य- गुजरात में इस वर्ष खरीफ सीजन के दौरान बिजाई क्षेत्र में इजाफा होने तथा औसत उपज दर ऊंची रहने से इस महत्वपूर्ण तिलहन के उत्पादन में शानदार बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) की एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में मूंगफली का बिजाई क्षेत्र पिछले साल के 16.35 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 19.09 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जबकि इसकी औसत उपज दर 2045 किलो प्रति हेक्टेयर से सुधरकर 2210 किलो प्रति हेक्टेयर पर पहुंचने की उम्मीद है।

इसके आधार पर वहां मूंगफली का कुल उत्पादन 33.45 लाख टन से उछलकर 42.19 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। 

'सी' ने 2024-25 सीजन के दौरान गुजरात के अमरेली जिले में 3.92 लाख टन, भाव नगर में 2.14 लाख टन, जामनगर में 4.78 लाख टन, द्वारका में 5.43 लाख टन, जूनागढ़ में 5.20 लाख टन, गिर सोमनाथ में 2.10 लाख टन, पोरबंदर में 1.90 लाख टन, राजकोट में 5.36 लाख टन, मोरबी में 1.31 लाख टन तथा सुरेन्द्र नगर में 41 हजार टन मूंगफली के उत्पादन का अनुमान लगाया है।

इसके अलावा कच्छ में 1.68 लाख टन, साबरकांठा में 1.76 लाख टन, अरावली में 1.31 लाख टन तथा बनासकंठा जिले में 3.87 रुपए टन मूंगफली के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है जबकि अन्य जिलों में 1.04 लाख टन के उत्पादन की उम्मीद जताई गई है।