गुजरात में 9 नवम्बर से खरीफ फसलों की सरकारी खरीद होगी शुरू
06-Nov-2025 02:02 PM
अहमदाबाद। गुजरात सरकार समूचे राज्य में 9 नवम्बर 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से 15,000 करोड़ रुपए मूल्य की खरीफ फसलों की खरीद का प्लान बना रही है। प्रधानमंत्री अन्नदाता संरक्षण अभियान (पीएम- आशा) के अंतर्गत एमएसपी पर जिन फसलों की खरीद की जाएगी उसमें मूंगफली, सोयाबीन, मूंग और उड़द शामिल है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि किसानों से विभिन्न कृषि उत्पादों की खरीद के लिए राज्य सरकार ने 300 से ज्यादा क्रय केन्द्र स्थापित किए हैं।
उल्लेखनीय है कि 2025-26 के सीजन हेतु केन्द्र सरकार ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8768 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 7800 रुपए, मूंगफली का 7263 रुपए तथा सोयाबीन का समर्थन मूल्य 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है और गुजरात में इसी मूल्य स्तर पर उपरोक्त जिंसों की सरकारी खरीद की जाएगी।
2024-25 सीजन की तुलना में 2025-26 सीजन के लिए मूंगफली का एमएसपी 480 रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन का 436 रुपए प्रति क्विंटल तथा उड़द का समर्थन मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया गया है।
चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान गुजरात में मूंगफली का शानदार उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने प्रत्येक उत्पादक से अधिकतम 120 मन मूंगफली खरीदने का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि गुजरात भारत में मूंगफली का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है। वैसे असामयिक बारिश के कारण राज्य के करीब 16,000 गांवों में खरीफ फसलों को नुकसान होने की आशंका है और किसानों की चिंता एवं परेशानी काफी बढ़ गई है।
अगस्त एवं सितम्बर के दौरान अधिशेष वर्षा एवं बाढ़ से खरीफ फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए 20 अक्टूबर को गुजरात सरकार ने प्रभावित किसानों के लिए 947 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता का पैकेज घोषित किया था।
अक्टूबर में भी वहां बेमौसमी वर्षा से फसलों को क्षति हुई जिसका सर्वे किया गया और अब एक समेकित एवं व्यापक राहत पैकेज की घोषणा करने का प्लान है। केन्द्र सरकार गुजरात में दलहन-तिलहन की खरीद की अनुमति दे चुकी है।
