गुजरात में बेमौसमी वर्षा से प्रभावित किसानों को राहत सहायता
18-Dec-2025 10:45 AM
अहमदाबाद। गुजरात सरकार द्वारा नवम्बर में उन किसानों के लिए 10,000 करोड़ रुपए की वित्तीय राहत सहायता के एक पैकेज की घोषणा की गई थी जिसकी फसल बेमौसमी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
इसके तहत अभी तक राज्य के 17.92 लाख किसानों के बीच 5330 करोड़ रुपए का वितरण किया जा चुका है जबकि इसकी प्रक्रिया जारी है।
इस राहत सहायता के लिए जितने किसानों ने आवेदन किया था उसमें से 58 प्रतिशत को सहायता राशि प्राप्त हो चुकी है और शेष 42 प्रतिशत किसानों में इसका वितरण होना बाकी है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रांतीय सरकार द्वारा राहत पैकेज की घोषणा किए जाने के बाद गुजरात में 30.71 लाख से अधिक किसानों ने सहायता राशि प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया था। इसमें से अभी तक राज्य सरकार द्वारा 26.60 लाख किसानों के रजिस्ट्रेशन को अनुमोदित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि जोरदार बेमौसमी बारिश और तेज हवा के कारण राज्य के 16,500 से अधिक गांवों में खरीफ फसलों के साथ-साथ मकानों आदि को भी भारी नुकसान हुआ था जिससे किसानों के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।
इसे देखते हुए गुजरात सरकार ने 7 नवम्बर को वित्तीय राहत पैकेज की घोषणा की थी। इससे पूर्व 20 अक्टूबर को सरकार ने उन किसानों के लिए 947 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा की थी जिसकी फसलें अगस्त-सितम्बर में अत्यन्त मूसलाधार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ से बर्बाद हो गई थी।
इसके साथ-साथ गुजरात सरकार ने 15,000 करोड़ रुपए मूल्य की खरीफ फसलों की खरीद का ऐलान भी किया था जिसमें मूंगफली, सोयाबीन, मूंग और उड़द भी शामिल है अब तक किसानों से एमएसपी पर 7537 करोड़ रुपए मूल्य के 10.49 लाख टन दलहन-तिलहन की खरीद की जा चुकी है।
