गुजरात में रबी फसलों की बिजाई क्षेत्र में 81 हजार हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी

20-Jan-2026 07:39 PM

गांधी नगर। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में रबी फसलों का रकबा पहले गत वर्ष से पीछे चल रहा था लेकिन अब आगे हो गया है। राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि गुजरात में इस बार 19 जनवरी 2026 तक रबी कालीन कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 49.17 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 48.36 लाख हेक्टेयर से 81 हजार हेक्टेयर ज्यादा है।

हालांकि प्रमुख रबी फसलों- गेहूं, दलहन, मक्का एवं सरसों के रकबे में बढ़ोत्तरी हुई है और गन्ना का क्षेत्रफल भी 1.79 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.81 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है लेकिन मसाला फसलों के बिजाई क्षेत्र में गिरावट आई है। 

कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 13.68 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 14.74 लाख हेक्टेयर, मक्का का बिजाई क्षेत्र 1.35 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.45 लाख हेक्टेयर, ज्वार का रकबा 13 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 16 हजार हेक्टेयर तथा कुल अनाजी फसलों का क्षेत्रफल 15.33 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 16.49 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

इसी तरह दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 9.20 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.66 लाख हेक्टेयर तथा तिलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र 2.60 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.85 लाख हेक्टेयर हो गया।

दलहन फसलों में चना का क्षेत्रफल 8.48 लाख हेक्टेयर से उछलकर 9.12 लाख हेक्टेयर और तिलहन फसलों में सरसों का रकबा 2.58 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.84 लाख हेक्टेयर हो गया।  

लेकिन मसाला फसलों की बिजाई गत वर्ष से पीछे रह गई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष के मुकाबले मौजूदा रबी सीजन के दौरान गुजरात में जीरा का उत्पादन क्षेत्र 4,76,481 हेक्टेयर से लुढ़ककर 40,75,42 हेक्टेयर,

धनिया का बिजाई क्षेत्र 1,30,731 हेक्टेयर से फिसलकर 1,25,881 हेक्टेयर, सौंफ का क्षेत्रफल 57,188 हेक्टेयर घटकर 48,913 हेक्टेयर तथा ईसबगोल का रकबा 27,488 हेक्टेयर से गिरकर 17,278 हेक्टेयर पर अटक गया। राज्य में रबी फसलों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है।