गुजरात में रबी फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे निकला
15-Dec-2025 07:21 PM
गांधी नगर । देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में मौसम की हालत अनुकूल होने तथा किसानों की सक्रियता बढ़ने से रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र इस वर्ष 15 दिसम्बर तक सुधरकर 87.52 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 37.15 लाख हेक्टेयर से 37 हजार हेक्टेयर ज्यादा है। राज्य में रबी फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है।
गुजरात कृषि विभाग की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान राज्य में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 10.02 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 10.83 लाख हेक्टेयर, ज्वार का बिजाई क्षेत्र 10 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 11 हजार हेक्टेयर,
मक्का का क्षेत्रफल 1.15 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.16 लाख हेक्टेयर तथा अनाजी फसलों का कुल रकबा 11.41 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 12.23 लाख हेक्टेयर पहुंच गया।
इसी तरह चना की बदौलत वहां दलहनों का रकबा भी गत वर्ष के 7.35 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 7.54 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।
इसके तहत चना का उत्पादन क्षेत्र तो 6.72 लाख हेक्टेयर से उछलकर 7.10 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन अन्य दलहनों का बिजाई क्षेत्र 63 हजार हेक्टेयर से गिरकर इस बार 44 हजार हेक्टेयर रह गया।
तिलहन फसलों में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। सरसों की बदौलत तिलहनों का कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 2.42 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.67 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।
इसके अंतर्गत सरसों का बिजाई क्षेत्र तो 2.40 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.66 लाख हेक्टेयर हो गया लेकिन अन्य तिलहनों का रकबा 2 हजार हेक्टेयर से गिरकर 1 हजार हेक्टेयर रह गया।
मसाला फसलों के संवर्ग में गुजरात में गत वर्ष के मुकाबले चालू रबी सीजन के दौरान शीरा का उत्पादन क्षेत्र 3,76,956 हेक्टेयर से लुढ़ककर 3,24,390 हेक्टेयर, धनिया का बिजाई क्षेत्र 1,03,779 हेक्टेयर से गिरकर 1,02,947 हेक्टेयर,
सौंफ का क्षेत्रफल 38,369 हेक्टेयर से घटकर 35,506 हेक्टेयर तथा ईसबगोल का रकबा 15,640 हेक्टेयर से फिसलकर 9938 हेक्टेयर पर अटक गया। इतना ही नहीं बल्कि गन्ना का उत्पादन क्षेत्र भी 1,42,640 हेक्टेयर से घटकर 1,13,721 हेक्टेयर पर अटक गया। जीरा में किसानों की दिलचस्पी देखी जा रही है।
