गन्ना से निर्मित एथनॉल का क्रय मूल्य बढ़ाए जाने की संभावना

12-Nov-2024 03:13 PM

नई दिल्ली । महाराष्ट्र में यद्यपि 15 नवम्बर से गन्ना की क्रशिंग शुरू करने की अनुमति दी गई है लेकिन चीनी मिलर्स ने आगाह किया है कि यदि एथनॉल के खरीफ मूल्य में इजाफा नहीं किया गया तो गन्ना की क्रशिंग में देर हो सकती है।

इससे किसानों की परेशानी बढ़ेगी। महाराष्ट्र में 20 नवम्बर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है और सरकार कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है इसलिए माना जा रहा है कि चुनाव से पूर्व केन्द्र सरकार एथनॉल के क्रय मूल्य में 3 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोत्तरी कर सकती है।

एथनॉल का नया मार्केटिंग सीजन नवम्बर 2024 से आरंभ हो गया है और अक्टूबर 2025 तक जारी रहेगा। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को एथनॉल खरीदना पड़ता है और चीनी मिलर्स / डिस्टीलर्स इसकी आपूर्ति करते हैं। 

जानकार सूत्रों के अनुसार मंत्रियों की एक समिति द्वारा प्रस्ताव को स्वीकृति दिए जाने तथा अन्य निर्णय लेने वाली प्रक्रियाओं से पारित होने के बाद अगले कुछ दिनों में एथनॉल की खरीद का मूल्य बढ़ाए जाने की घोषणा हो सकती है।

दरअसल हाल ही में सरकार ने एथनॉल के निर्माण में गन्ना जूस तथा बी-हैवी शीरा के मुक्त इस्तमेाल की अनुमति प्रदान की है इसलिए जब खरीद मूल्य में इजाफे की घोषणा होगी तब इन घटकों से निर्मित एथनॉल को भी उसमें शामिल किया जाएगा। पिछले मार्केटिंग सीजन में एथनॉल उत्पादन के लिए सीमित मात्रा में गन्ना एवं चीनी के उपयोग की अनुमति दी गई थी। 

हालांकि उद्योग सरकार से चीनी के एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में भी बढ़ोत्तरी की मांग कर रहा है क्योंकि वर्ष 2019 के बाद इसमें कोई इजाफा नहीं किया गया है

जबकि इस बीच गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में प्रत्येक वर्ष वृद्धि होती रही है मगर सरकार ने फिलहाल इस आशय के प्रस्ताव को स्थगित कर दिया है।