गैर बासमती सफेद चावल पर लगा मेप समाप्त
24-Oct-2024 11:18 AM
नई दिल्ली । उम्मीद के अनुरूप केन्द्र सरकार ने गैर बासमती सफेद (कच्चे) चावल के लिए लगाए गए 490 डॉलर प्रति टन के न्यूनतम निर्यात मूल्य (मेप) को समाप्त कर दिया है विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) द्वारा 23 अक्टूबर को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि आईटीसी (एच एस) कोड 1006 3090 के अंतर्गत आने वाले गैर बासमती सफेद चावल (अर्द्ध मिल्ड या पूर्ण मिल्ड, चाहे वह पालिशदार और ग्लेज्ड हो या न हो) के निर्यात को पहले ही नियंत्रण मुक्त किया चुका है।
नियंत्रण मुक्त होने के बाद इसके लिए 490 डॉलर प्रति टन का मेप लागू किया गया था जिसे अब तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
सरकार ने इस निर्णय से भारतीय चावल निर्यातकों के लिए न्यूनतम निर्यात मूल्य की अनिवार्यता समाप्त हो गई है और वे 490 डॉलर प्रति टन से नीचे दाम पर भी सफेद गैर बासमती चावल का निर्यात अनुबंध करने के लिए स्वतंत्र हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सरकार बासमती चावल के लिए लागू 950 डॉलर प्रति टन के न्यूनतम निर्यात मूल्य को पहले ही समाप्त कर चुकी है।
इसके अलावा गैर बासमती सेला चावल पर लागू 20 प्रतिशत के निर्यात शुल्क को घटाकर 10 प्रतिशत नियत कर चुकी है। उम्मीद की जा रही थी कि सेला चावल पर लागू इस 10 प्रतिशत के निर्यात शुल्क को भी समाप्त करने का निर्णय लिया जा सकता है मगर अभी तक इसकी कोई घोषणा नहीं हुई है। निर्यातकों को उम्मीद है कि जल्दी ही इसका निर्णय भी लिया जा सकता है।
दरअसल भारत के दोबारा अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में प्रवेश करने से सफेद चावल के दाम पर दबाव बढ़ने लगा है और प्रमुख निर्यातक देशों ने इसका भाव घटना शुरू कर दिया है।
इससे भारतीय निर्यातकों को उसकी प्रतिस्पर्धा का सामना करने में असुविधा होने की आशंका थी। इसे देखते हुए सरकार ने अब सफेद चावल के निर्यात को सभी नियंत्रणों- प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त कर दिया है।
