हिली लैंड पोर्ट के जरिए बांग्ला देश में भारत से चावल का भारी आयात
15-Apr-2025 08:03 PM
चटगांव। पहला बैसाख के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद बांग्ला देश में पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर स्थित हिली लैंड पोर्ट के माध्यम से 14 अप्रैल को रिकॉर्ड मात्रा में भारतीय चावल का आयात किया गया।
दरअसल 16 अप्रैल को वहां चावल के आयात की सरकारी समय सीमा समाप्त हो रही है और उससे पूर्व बांग्ला देश के आयातक भारत से अधिक से अधिक मात्रा में चावल मंगाकर अपना स्टॉक मजबूत बना लेना चाहते हैं।
इस लैंड पोर्ट से चावल का आयात 11 नवम्बर 2024 से आरंभ हुआ था। पोर्ट अधिकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2025 को इस पोर्ट के जरिए 201 भारतीय ट्रकों में कुल 8400 टन चावल वहां पहुंच गया। हाल के महीनों में किसी एक दिन में होने वाले सबसे बड़े आयात में यह शामिल हो गया।
पिछले कुछ दिनों से बांग्ला देश में भारतीय चावल का आयात तेजी से बढ़ा है। सरकार ने चावल के आयात की जो अनुमति दे रखी है उसका भरपूर फायदा व्यापारियों द्वारा उठाया जा रहा है।
हिली लैंड पोर्ट पर 12 अप्रैल को 147 ट्रकों के जरिए लगभग 10 हजार टन तथा 13 अप्रैल को 144 ट्रकों के माध्यम से चावल मंगाया गया। 14 अप्रैल को 8400 टन चावल वहां पहुंचा जबकि 15 अप्रैल को 84 ट्रकों में लादकर 3617 टन चावल वहां पहुंचने वाला है।
चावल के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 16 अप्रैल को समाप्त हो जाएगी। आयात की अवधि कई बार बढ़ाई गई मगर अब इसमें बढ़ोत्तरी की उम्मीद बहुत कम है।
