हरी मटर और पीली मटर के मूल्यान्तर में कमी
15-Dec-2025 12:49 PM
पनामा। पिछले सप्ताह मटर के अन्तर्रष्ट्रीय निर्यात बाजार में मिश्रित रुख देखा गया और इसके फलस्वरूप हरी मटर तथा पीली मटर के बीच कीमतों में कमी आ गई।
समझा जाता है कि हरी मटर की उपलब्धता बढ़ने एवं मांग कमजोर रहने से कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। हालांकि पीली मटर का उत्पादन एवं स्टॉक भी बढ़ने की सूचना मिल रही है मगर इसमें मांग अपेक्षाकृत बेहतर देखी जा रही है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार निर्यातकों द्वारा निकटवर्ती पोजीशनों के शिपमेंट के लिए पीली मटर की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखाई जा रही है जिसका अनुबंध पहले ही हो चुका है।
उसकी खरीद से बाजार में कुछ तेजी आई है और इसलिए पीली मटर का भाव सुधर कर हरी मटर के मूल्य के निकट पहुंचने लगा है। दूसरी ओर हरी मटर की सीजनल मांग कमजोर है और इसलिए कीमतों में नरमी या स्थिरता का माहौल देखा जा रहा है।
बाजार का ध्यान अब वर्ष 2026 के सोयाबीन प्रदर्शन पर केन्द्रित हो गया है। नया साल आरंभ होने में महज एक पखवाड़े की देर है।
इसके तहत खासकर भारतीय उप महाद्वीप और चीन में अनुमानित मांग का विश्लेषण किया जा रहा है क्योंकि कनाडा एवं रूस जैसे शीर्ष मटर उत्पादक एवं निर्यातक देशों की निर्भरता उन्हीं बाजारों पर सर्वाधिक रहती है।
यदि इन बाजारों में अच्छी मांग रही और निर्यातक देशों में उत्पादकों को लाभप्रद वापसी प्राप्त हुई तो वहां मटर के बिजाई क्षेत्र की स्थिति संतोषजनक रह सकती है।
