इंडो- यूएस ट्रेड डील से कृषि क्षेत्र को खतरा कम, उम्मीद ज्यादा

10-Feb-2026 08:21 PM

नई दिल्ली। हालांकि द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत भारत की ओर से अमरीका को काफी राहत-रियायत एवं सुविधा-छूट दी गई है लेकिन दूसरी ओर भारत को भी बहुत फायदा होने की संभावना है। भारत से अमरीका को चाय, कॉफी, मसाले, समुद्री उत्पाद तथा अन्य कई उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है भारतीय कृषि क्षेत्र को उम्मीद है कि अमरीकी बाजार में उसे प्रतिस्पर्धा का बेहतर अवसर मिलेगा। 

लेकिन दूसरी ओर भारत का कृषि क्षेत्र व्यापार समझौते के कुछ प्रावधानों से आशंकित भी है। इसके तहत अमरीका से भारत में सोयाबीन तेल, डीडीजीएस, लाल ज्वार, सेब तथा बादाम सहित कई अन्य उत्पादों का आयात बढ़ने की आशंका है बेशक भारत ने इस द्विपक्षीय व्यापार संधि के असर से चावल,

गेहूं एवं डेयरी क्षेत्र को सुरक्षित रखा है लेकिन दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाजों के साथ-साथ सूखे मेवे जैसे क्षेत्रों के हितों को पूरी सुरक्षा नहीं मिल पाएगी। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए था। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार डीडीजीएस की वजह से मक्का तथा सोया तेल के कारण सोयाबीन का दाम प्रभावित होने की आशंका है। यह व्यापार समझौता भारत के लिए अच्छा भी है और नुकसानदायक भी। आगामी समय में इसके विभिन्न प्रभाव सामने आएंगे। भारत को अमरीका में निर्यात बढ़ने की उम्मीद है और अमरीका भी भारतीय बाजार के लिए ऐसी ही आशा कर रहा है।