इंडोनेशियाई पाम तेल की निर्यात आय में 32 प्रतिशत का भारी इजाफा
04-Nov-2025 01:25 PM
जकार्ता। इंडोनेशिया सरकार का कहना है कि चालू कैलेंडर वर्ष के शुरूआती नौ महीनों में पाम तेल के निर्यात से प्राप्त आमदनी में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 52 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी हुई
क्योंकि इसका वैश्विक बाजार भाव ऊंचा रहा। केन्द्रीय सांख्यिकी एजेंसी (बीपीएस) के अनुसार पाम तेल उत्पादों के निर्यात शिपमेंट में दो अंकों की वृद्धि हुई और ऑफर मूल्य भी ऊंचा रहा।
इससे इंडोनेशियाई पाम तेल का निर्यात प्रदर्शन लगातार 65 वें माह भी बेहतर रहा। मई 2020 से ही इसके शिपमेंट एवं आमदनी में वृद्धि का माहौल बरकरार है।
बीपीएस के अनुसार चालू वर्ष के आरंभिक नौ महीनों में यानी जनवरी से सितम्बर 2025 के दौरान इंडोनेशिया से 18.14 अरब डॉलर मूल्य के क्रूड पाम तेल एवं इसके उत्पादों का निर्यात किया गया जो वर्ष 2024 की समान अवधि के निर्यात 13.70 अरब डॉलर से 32.40 प्रतिशत ज्यादा रहा। इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान इंडोनेशिया से पाम तेल उत्पादों की निर्यात मात्रा भी 157.50 लाख टन से 11.62 प्रतिशत बढ़कर 175.80 लाख टन पर पहुंच गया।
इंडोनेशिया से इस वर्ष सितम्बर तक पेट्रोलियम उत्पादों एवं प्राकृतिक गैस को छोड़कर अन्य सभी उत्पादों का जितना निर्यात हुआ इसमें पाम तेल उत्पादों की भागीदारी 9.08 प्रतिशत रही। लेकिन अगस्त की तुलना में सितम्बर के अंत में इंडोनेशिया के बंदरगाहों पर पाम तेल का काफी कम स्टॉक उपलब्ध था।
इससे अक्टूबर का निर्यात प्रदर्शन कुछ कमजोर रहने की संभावना है। वैसे भी अगस्त के मुकाबले सितम्बर के दौरान इंडोनेशिया से पाम तेल उत्पादों का निर्यात 46 प्रतिशत घटकर 13.80 लाख टन पर अटक गया।
