इंडस्ट्रीज ने किसानों से की ईसबगोल की खरीद बंद

07-Oct-2025 07:41 PM

नई दिल्ली। ऑल इंडिया ईसबगोल प्रोसेसर्स एसो० के आह्वान पर गुजरात की प्रोसेसर्स इंडस्ट्रीज ने किसानों से ईसबगोल की खरीद बंद कर दी है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों अमेरिका के द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ लगा दिए जाने के पश्चात ईसबगोल भूसी का निर्यात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। साथ ही प्रोसेसर्स को 5 प्रतिशत का जीएसटी भी देना होता है। इंडस्ट्रीज की मांग है कि सरकार तुरंत 5 प्रतिशत लगने वाले जीएसटी को समाप्त करे ताकि इंडस्ट्रीज को निर्यात करने में कुछ राहत मिले। सूत्रों का कहना है कि भारतीय ईसबगोल भूसी के कुल उत्पादन का आधे से अधिक का निर्यात अमेरिका को किया जाता है। 

जानकारों का कहना है कि हालांकि देश में कुल उत्पादन का लगभग 70 प्रतिशत भाग राजस्थान में उत्पादित होता है गुजरात में केवल 30 प्रतिशत ईसबगोल की पैदावार होती है लेकिन गुजरात में प्रोसेसिंग यूनिटे अधिक होने के कारण 60/70 प्रतिशत प्रोसेसिंग कार्य गुजरात में होता है। सूत्रों का कहना है कि ईसबगोल बीन पर कोई जीएसटी नहीं लगता है लेकिन प्रोसेसर्स को 5 प्रतिशत जीएसटी देना होता है जोकि अनुचित है। 

कीमतों में गिरावट

कमजोर निर्यात मांग एवं लोकल में बढ़ती बिकवाली के चलते विगत कुछ समय से ईसबगोल के दामों में मंदी का दौर चल रहा है। अल्पकाल के दौरान ही मंडियों में ईसबगोल के भाव 500/700 रुपए प्रति क्विंटल तक घट गए है। वर्तमान में मंडियों में ईसबगोल के भाव 500/700 रुपए प्रति क्विंटल तक घट गए हैं। वर्तमान में मंडियों में ईसबगोल के भाव क्वालिटीनुसार 9500/11200 रुपए बोले जा रहे हैं। लेकिन इन भावों पर भी लिवाल नहीं है। 

निर्यात प्रभावित

चालू सीजन के दौरान ईसबगोल भूसी का भाव गत वर्ष की तुलना में पीछे चल रहा है। क्योंकि प्रमुख खरीदार अमेरिका को निर्यात कम मात्रा में हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जुलाई 2025 में ईसबगोल भूसी का निर्यात 4909 टन का हुआ जबकि जुलाई - 2024 में निर्यात 6588 टन का हुआ था। अप्रैल-जुलाई 2025 के दौरान निर्यात 21351.53 टन का हुआ है जबकि अप्रैल- जुलाई- 2024 में निर्यात 22613.28 टन का रहा था।