इस्मा के प्रथम अग्रिम अनुमान में 343.50 लाख टन चीनी के उत्पादन की संभावना
04-Nov-2025 09:12 PM
नई दिल्ली। स्वदेशी चीनी उद्योग के शीर्ष संगठन- इंडियन शुगर एन्ड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने चालू मार्केटिंग सीजन के लिए चीनी के उत्पादन का अपना पहला अनुमान जारी कर दिया है।
इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान देश में चीनी का सकल उत्पादन 296.10 लाख टन हुआ जिसमें से 35.02 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में हुआ और खाद्य उद्देश्य के लिए 261.08 लाख टन का स्टॉक उपलब्ध रहा। इसके मुकाबले 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में चीनी का सकल उत्पादन बढ़कर 343.50 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
इसमें से 34 लाख टन का इस्तेमाल एथनॉल उत्पादन में होगा और शुद्ध खाद्य उद्देश्य के लिए 309.50 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद रह सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का सकल उत्पादन महाराष्ट्र में 93.51 लाख टन से उछलकर 130 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 101.01 लाख टन से सुधरकर 103.20 लाख टन तथा कर्नाटक में 54.89 लाख टन से बढ़कर 63.50 लाख टन पर पहुंचने के आसार हैं
जबकि देश के अन्य उत्पादक राज्यों- गुजरात, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा एवं उत्तराखंड आदि में संयुक्त रूप से चीनी का उत्पादन पिछले सीजन के 46.69 लाख टन से सुधरकर चालू सीजन में 46.80 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का सीजन आरंभ हो चुका है।
केन्द्र सरकार ने गन्ना आधारित एथनॉल की आपूर्ति का जो कोटा निर्धारित किया है उसके उत्पादन के लिए 34 लाख टन चीनी का उपयोग पर्याप्त होगा। इससे उद्योग मायूस हैं।
स्वयं खाद्य मंत्रालय ने पिछले महीने 2025-26 के सीजन में विभिन्न उत्पादक राज्यों से प्राप्त फीड बैक के आधार पर 340 लाख टन चीनी के सकल उत्पादन का अनुमान व्यक्त किया था जो इस्मा के आरंभिक उत्पादन अनुमान 349 लाख टन से 9 लाख टन कम था। आगामी समय में चीनी के उत्पादन अनुमान में कुछ बदलाव हो सकता है।
