इथोपिया में दलहन-तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने हेतु जोरदार प्रयास जारी

20-Nov-2024 05:16 PM

अदिस अबाबा । अफ्रीकी देशों- इथोपिया के व्यापार मंत्री ने कहा है कि उनका देश दलहनों एवं तिलहनों के निर्यात में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल होने के लिए घरेलू प्रभाग में इसका उत्पादन बढ़ाने का अधिकतम समेकित प्रयास कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि अदिस अबाबा के अडवा विक्टरी  मेमोरियल म्यूजियम में 19-20 नवम्बर 2024 को दी दिवसीय 13 वें इंटरनेशनल पल्सेस एंड ऑयल सीड्स कांफ्रेंस का आयोजन किया गया है जिसमें दुनिया के अनेक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

अपने स्वागत भाषण में इथोपिया के व्यापार मंत्री ने निर्यात आमदनी के सृजन तथा लाखों स्थानीय किसानों की आजीविका सुधारने में दलहन-तिलहन फसलों की अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए फसल विविधिकरण, बुनियादी ढांचागत सुविधाओं के विकास-विस्तार और फसलों की क्वालिटी का स्तर ऊंचा रखने की सख्त आवश्यकता है।

इथोपिया वैश्विक दलहन-तिलहन बाजार में एक प्रमुख भागीदारी के तौर पर अपनी पोजीशन को मजबूत बनाने के प्रति आश्वस्त है और इसके लिए निरन्तर जोरदार प्रयास कर रहा है।   

व्यापार मंत्री के मुताबिक इथोपिया सरकार द्वारा कृषि सुधारों की एक श्रृंखला शुरू की गई है जिसमें विदेशी निवेशकों के लिए अपने बाजार को खोलना, बाजार हितैषी विनिमय दर को अपनाना तथा कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र को प्राथमिकता देना शामिल है ताकि मूल्य संवर्धित उत्पादों का निर्माण और निर्यात बढ़ाया जा सके तथा रोजगार के नए अवसरों का सृजन भी हो सके। 

अफ्रीका महाद्वीप के पूर्वी भाव में अवस्थित इथोपिया की सरकार ने जिंसों के निर्यात की नीति को काफी उदार बना दिया है और विदेशी कंपनियों को सीधे इथोपिया के किसानों तथा प्रोसेसर्स से कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की खरीद की अनुमति प्रदान कर दी है।

व्यापार मंत्री का कहना है कि विदेशी व्यावसायिक कंपनियों के लिए यह सकरात्मक खबर है और वे इथोपिया से दलहन तथा तिलहन की खरीद में गहरी दिलचस्पी दिखा सकती है। इथोपिया में इन जिंसों का उत्पादन बढ़ाने की पर्याप्त क्षमता एवं गुंजाईश मौजूद है जिसका समुचित दोहन होना बाकी है।