जुलाई में खाद्य तेलों का आयात 10 माह के उच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान
04-Aug-2026 05:45 PM
मुम्बई। उद्योग-व्यापार क्षेत्र के अग्रणी विश्लेषकों-विशेषज्ञों ने जुलाई 2026 में देश के अंदर खाद्य तेलों का आयात बढ़कर पिछले 10 माह के उच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है क्योंकि त्यौहारी सीजन से पूर्व रिफाइनर्स द्वारा बेहतर स्टॉक निर्माण के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) एवं क्रूड सोया तेल का आयात बढ़ाने का प्रयास किया गया।
डीलर्स / विश्लेषक के अनुसार जून के मुकाबले जुलाई में पाम तेल का आयात 50 प्रतिशत उछलकर 7.33 लाख टन पर पहुंचा जो पिछले पांच महीनों में सबसे ज्यादा है। इसी तरह सोयाबीन तेल का आयात भी 32 प्रतिशत की भारी वृद्धि के साथ 5.01 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो गत 7 महीनों का ऊंचा स्तर है। इस अवधि में सूरजमुखी तेल का आयात भी 4 प्रतिशत सुधरकर 2.53 लाख टन पर पहुंचा।
इस तरह भारत में जून के मुकाबले जुलाई के दौरान खाद्य तेलों का कुल आयात 34 प्रतिशत बढ़कर 14.90 लाख टन के करीब पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है जो पिछले 10 महीनों का शीर्ष स्तर है। इस अवधि में तीनों प्रमुख खाद्य तेलों की आयात में बढ़ोत्तरी हुई। ध्यान देने की बात है कि खाद्य तेलों के आयात का यह अनुमानित आंकड़ा सिर्फ समुद्री मार्ग से हुए शिपमेंट पर आधारित है और इसमें नेपाल से स्थलीय या सड़क मार्ग से होने वाला खाद्य तेलों का शुल्क मुक्त आयात शामिल नहीं है।
यह ध्यान रखना भी अवश्यक है कि उपरोक्त आंकड़ा उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों द्वारा लगाए गए अनुमान पर आधारित है जबकि साल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) की मासिक रिपोर्ट मध्य अगस्त में सामने आएगी जिसमें जुलाई माह के दौरान हुए खाद्य तेलों के आयात का विस्तृत विवरण दिया जाएगा।
