झारखंड में 60 लाख क्विंटल के लक्ष्य के साथ धान की सरकारी खरीद शुरू
17-Dec-2025 03:05 PM
रांची। झारखंड सरकार ने 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान राज्य में करीब 60 लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है और वहां 15 दिसम्बर 2025 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की खरीद भी आरंभ हो चुकी है। इस बार राज्य में धान की खरीद के लिए 783 क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं जो अब क्रियाशील हैं।
झारखंड के खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री ने मंत्रिमंडल के उसके सहयोगियों, सांसदों एवं विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर धान की खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ करने की अपील की है ताकि किसानों को राहत मिल सके।
खाद्य मंत्री के अनुसार झारखंड के किसानों से 2450 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी जो केन्द्र द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी ऊंचा है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य सामान्य श्रेणी के लिए 2369 रुपए प्रति क्विंटल और 'ए' ग्रेड के लिए 2389 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
झारखंड के ई-उपार्जन पोर्टल के अनुसार राज्य सरकार ने इस बार 60 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। उल्लेखनीय है कि राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण मीटिंग 8 दिसम्बर को आयोजित हुई थी
जिसमें 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के लिए धान की खरीद पर किसानों को केन्द्र द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊपर 81 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय लिया गया था।
इसके लिए 48.60 करोड़ रुपए की राशि को अनुमोदित किया गया था। इसके फलस्वरूप किसानों को अपने धान की बिक्री करने पर 2450 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त होगा।
इतना ही नहीं बल्कि जो किसान सरकारी क्रय केन्द्रों पर अपना धान बेचेंगे उन्हें उसकी कीमत का एक ही बार में भुगतान मिल जाएगा और इस तरफ किस्मों में भुगतान की पुरानी परिपाटी समाप्त हो जाएगी। वैसे राज्य में धान की सरकारी खरीद काफी देर से आरंभ हुई है।
