कुछ राज्यों में नैफेड द्वारा सरसों की बिक्री का निर्णय

03-Jul-2026 07:42 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसी- भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) द्वारा इस वर्ष रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान आसाम, छत्तीसगढ़, हरियाणा और गुजरात में किसानों से मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत सरसों की खरीद प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब उसकी नीलामी बिक्री आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।

आसाम में 77.15 टन, छत्तीसगढ़ में 255.15 टन, हरियाणा में 44,610 टन तथा गुजरात में 3221.22 टन के साथ कुल 48163.52 लाख टन सरसों का खरीदा गया स्टॉक उपलब्ध है। 

10 जुलाई 2026 से विभिन्न ई- नीलामी पोर्टल के माध्यम से इस सरसों के स्टॉक की बिक्री आरंभ की जाएगी। केवल एमटीएमएस इंटिग्रेड पोर्टल्स ही अपने संबंधित प्लेटफार्म पर इस स्टॉक की नीलामी करने में समक्ष होंगे।

उपरोक्त राज्यों में नैफेड को स्थानीय कार्यालयों को सरसों के इस स्टॉक की नीलामी बिक्री के बारे में सूचना एवं जानकारी देने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है ताकि खरीदारों को पूरी स्थिति के बारे में सही समय पर पता चल सके।