ऑस्ट्रेलिया से चना का निर्यात घटा, मसूर के शिपमेंट में वृद्धि
03-Jul-2026 05:52 PM
ब्रिसबेन। चना के सबसे प्रमुख तथा मसूर के दूसरे सबसे बड़े निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया से 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में इन दोनों दलहनों के निर्यात शिपमेंट की स्थिति अलग-अलग देखी जा रही है। इसके तहत 2024-25 सीजन के मुकाबले देसी चना का निर्यात लगभग 4.50 लाख टन पीछे चल रहा है जबकि मसूर का निर्यात 5 लाख टन आगे हो गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से अगस्त 2025- मई 2026 के दस महीनों में देसी चना का कुल निर्यात घटकर 14,06,643 टन पर अटक गया जबकि अगस्त 2024- मई 2025 के 10 महीनों में यह 18,55,079 टन पर पहुंच गया था।
ऑस्ट्रेलिया दुनिया में चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है और वहां अगली नई फसल के लिए इसकी बिजाई का अभियान लगभग समाप्त हो चुका है। वैसे अप्रैल की तुलना में मई के दौरान ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का निर्यात 19,933 टन से बढ़कर 27,260 टन पर पहुंच गया। इसमें से पाकिस्तान को 15069 टन, भारत को 4047 टन तथा बांग्ला देश को 3460 टन का शिपमेंट किया गया जबकि शेष निर्यात अन्य देशों में हुआ।
जहां तक मसूर का सवाल है तो अगस्त 2025 से मई 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से इसका सकल निर्यात बढ़कर 13,20,198 टन पर पहुंच गया जो अगस्त 2024- मई 2025 के दौरान हुए कुल शिपमेंट 8,05,697 टन से करीब 5.15 लाख टन अधिक रहा। अप्रैल में ऑस्ट्रेलिया से 81,256 टन मसूर का निर्यात हुआ था जो मई में उछलकर 1,98,368 टन पर पहुंच गया। मई 2026 में ऑस्ट्रेलिया से बांग्ला देश को 72,692 टन, भारत को 53,444 टन तथा पाकिस्तान को 36 हजार टन मसूर का निर्यात किया गया।
